संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। ओएसडीएवी पब्लिक स्कूल में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन के साथ हुआ, जिससे वातावरण में शुद्धता, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हुआ। प्राथमिक कक्षाओं के नन्हें विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे फलों और सब्जियों से भरी हुई माई रेनबो प्लेट बनाकर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित की।
उन्होंने भोजन के रंगों के आधार पर उनके पोषण तत्वों की जानकारी भी दी। कक्षा तीसरी-चौथी के छात्रों ने इस गतिविधि को आगे बढ़ाते हुए अपनी थाली को सुंदरता और संतुलन से सजाया, साथ ही योग, ध्यान एवं कविता पाठ जैसी गतिविधियों में भी भाग लिया। कक्षा पांचवीं-छठी के छात्रों ने हेल्थी टिफिन विषय पर कविताएं, विज्ञापन व संवाद प्रस्तुत किए।
इसके साथ ही, पोहा, फ्रूट क्रीम, न्यूट्रीशियंस डाइट चाट, झालमुड़ी जैसे स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन बनाकर अपनी पाक कला का प्रदर्शन किया। कक्षा सातवीं-आठवीं के विद्यार्थियों ने योग अभ्यास व मेडिटेशन के द्वारा स्वस्थ जीवन के महत्व के बारे में जाना। कक्षा नौवीं-10वीं के विद्यार्थियों ने
विभिन्न प्रकार की सलाद निर्माण गतिविधि में भाग लिया।
विद्यार्थियों ने स्प्राउट्स मेकिंग, मैक्सिकन सलाद, क्विनोआ सलाद, ग्रिल्ड सलाद, गार्डन चिकपी सलाद आदि तैयार किए गए। इसके साथ ही, उन्होंने स्वस्थ आहार विषय पर पीपीटी, नाट्य प्रस्तुति और स्लोगन के माध्यम से संदेश भी दिए।
प्रधानाचार्या अंजू तलवाड़ ने अपने प्रेरक विचार सांझा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा खजाना है। यदि बच्चे बचपन से ही संतुलित आहार और अच्छे खान-पान की आदतें अपनाएँ, तो वे एक स्वस्थ जीवन की नींव रख सकते हैं। जंक फूड से दूरी और प्राकृतिक भोजन से निकटता ही आज की आवश्यकता है।
———————————-