हरियाणा टॉपर हर्षदीप के परिजनों को एसडीएम ने सौंपा एक लाख रुपये का चेक
गुहला-चीका। एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह ने सोमवार को गत वर्ष 12वीं कक्षा में हरियाणा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय श्यू माजरा के छात्र अर्पणदीप के परिजनों को एक लाख रुपये का चेक भेंट किया। उन्होंने बताया कि परिणाम घोषित होने के दिन ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अर्पणदीप और उसके परिजनों से बातचीत कर बधाई दी थी तथा एक लाख रुपये की स्कॉलरशिप देने की घोषणा की थी। इसी के तहत उपमंडल कार्यालय में चेक सौंपा गया। एसडीएम ने कहा कि अर्पणदीप की उपलब्धि से पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रेरणा मिली है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने गांव, जिला, प्रदेश और देश का नाम रोशन करें। संवाद