कैथल। गांव माजरा और नंदकरण की सिदादा पट्टी के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से चली आ रही चौपाल निर्माण की मांग को अब स्वीकृति मिल गई है। संबंधित विभाग की ओर से इस कार्य के लिए करीब 12 लाख रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। माजरा गांव के सरपंच श्याम ने बताया कि सिदादा पट्टी में चौपाल न होने के कारण ग्रामीणों को वर्षों से कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। सामाजिक कार्यक्रमों, पंचायत बैठकों, पारिवारिक आयोजनों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए किसी स्थायी स्थान का अभाव था। इसके चलते लोगों को खुले स्थानों या निजी जगहों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे असुविधा होती थी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की ओर से इस समस्या को कई बार पंचायत बैठकों में उठाया गया और संबंधित विभाग को भी अवगत कराया गया। लगातार प्रयासों और जन मांग को देखते हुए अब विभाग ने चौपाल निर्माण को मंजूरी दे दी है। सरपंच के अनुसार इस परियोजना पर लगभग 12 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे और निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। संवाद