संवाद न्यूज एजेंसी
पूंडरी। ट्रैफिक पुलिस ने कस्बा पूंडरी में मंगलवार को भी विशेष अभियान चलाकर दोपहिया वाहन चालकों के चालान काटे और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट भी बांटे।
अभियान की अगुवाई ट्रैफिक प्रभारी राजकुमार ने की। मंगलवार को सुबह की बजाय शाम चार बजे पुलिस ने कन्या महाविद्यालय के सामने नाका लगा लिया। इसी दौरान बिना हेलमेट के एक स्पलेंडर मोटर साइकिल सवार को रुकवाया गया। जब बाइक सवार से कागज मांगे गए तो नहीं दिखा पाया। बाइक की जांच की तो प्रेशर हार्न भी लगा हुआ था। इस पर पुलिस ने उसका 21500 का चालान किया।
प्रभारी ने कहा कि यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ये अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि आज अभियान के दौरान एक लाख 50 हजार रुपये के चालान किए गए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के महाविद्यालय के सामने नाका इसलिए लगाया गया था कि जो मनचले सुबह शाम यहां चक्कर लगाते है, उन पर सख्ती की जा सके और छात्राएं निडरता से काॅलेज में आ व जा सके।