कैथल। चीका थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा की छात्रा से युवक द्वारा रास्ता रोककर छेड़खानी करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर छात्रा से मारपीट करने और जाति सूचक शब्द कहने का भी आरोप है। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, एससी-एसटी एक्ट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी गांव के स्कूल में पढ़ती है। पास के एक गांव का युवक मजदूरी के लिए उनके गांव आता है और अक्सर स्कूल आते-जाते समय बेटी से छेड़छाड़ करता है। उन्होंने बताया कि बीते सप्ताह आरोपी ने रास्ता रोककर बेटी से छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जाति सूचक शब्द भी कहे। इस घटना के बारे में बेटी ने परिजनों को जानकारी दी। पुलिस जांच कर रही है। संवाद