संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत शनिवार को देशभर के किसानों को 20वीं किस्त जारी की गई। कैथल जिले के 97,320 पात्र किसानों के खातों में कुल 20 करोड़ 88 लाख 64 हजार रुपये की धनराशि सीधे ट्रांसफर की गई।
इस मौके पर लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वाराणसी से सीधा प्रसारण दिखाया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी, एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, डीडीए डॉ. बाबू लाल, जिला बागवानी अधिकारी हीरालाल, भाजपा जिला महामंत्री सुरेश संधू और जिले भर से आए प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिये के सीधा मिल रहा है।
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर हल कर रहा है और सरकार निरंतर किसानों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। डीडीए डॉ. बाबू लाल ने योजना की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रगतिशील किसान राजेश कुमार, गुरदयाल सिंह और कश्मीर सिंह सहित जिले भर के अनेक किसान मौजूद रहे।
हर घर तिरंगा अभियान होगा शुरू
कैथल। स्वतंत्रता दिवस-2025 के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता’ अभियान एक बार फिर तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। यह जानकारी एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने दी। बताया कि अभियान का पहला चरण 2 से 8 अगस्त, दूसरा 8 से 12 अगस्त और अंतिम चरण 12 से 15 अगस्त तक चलेगा।
इस दौरान जिलेभर में जागरूकता रैलियों, तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्वच्छता अभियानों का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष अभियान को ‘स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग संदेश’ थीम से जोड़ा गया है। अभियान की शुरुआत लघु सचिवालय सभागार में की गई, जहां एडीसी, भाजपा नेता, कर्मचारी और किसान मौजूद रहे। संवाद
तिरंगा एकजुटता का प्रतीक: ज्योति सैनी
भाजपा जिलाध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि तिरंगा हर देशवासी को एकता और गर्व का संदेश देता है। “देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह अभियान एक प्रेरक माध्यम है,” उन्होंने कहा। साथ ही आमजन से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
अनाज मंडी में देखा व सुना प्रधानमंत्री मोदी का संदेश
गुहला-चीका। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम के दौरान गुहला-चीका की अनाज मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश
देखा व सुना गया। इस मौके पर गुहला मंडल अध्यक्ष संजीव मित्तल, बीजेपी के जिला उपाध्यक्ष मांगे राम जिंदल, महेंद्र सिंह चीमा, सचिव सतबीर सिंह, गगन कंबोज, मार्किट कमेटी के पूर्व चेयरमैन सतप्रकाश गर्ग, सहायक सचिव रोहताश, विरेंद्र कुमार, आदि मौजूद रहे। संवाद