93-year-old elderly person dies of corona infection
- फोटो : Kaithal
जिले में सोमवार को जहां 101 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए, वहीं एक संक्रमित बुजुर्ग की मौत हो गई। 93 वर्षीय चीका निवासी यह बुजुर्ग 15 अप्रैल को कोरोना संक्रमित मिलने के बाद अग्रोहा अस्पताल में दाखिल किया गया था। सोमवार को उनकी मौत हो गई। संक्रमित होने के साथ-साथ व्यक्ति अन्य बीमारियों से भी पीड़ित बताया गया है।
लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या और मौतों के आंकड़े से स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। अब जिले में 608 एक्टिव केस हैं। कोरोना की शुरूआत से लेकर अब तक जिले में 5957 संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। इनमें से 5267 व्यक्ति ठीक भी हो चुके हैं। अब तक 83 संक्रमित व्यक्तियों की मौत भी हो चुकी है। हालांकि सोमवार को 19 व्यक्ति ठीक भी हुए, लेकिन संक्रमितों की अपेक्षा यह संख्या काफी कम रही।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन का कार्य भी लगातार किया जा रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा 40 स्थानों पर वैक्सीनेशन का कार्य किया गया। जिले में 1967 व्यक्तियों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन का पहला और दूसरा टीका लगाया गया। इनमें से पहला टीका लगवाने वालों की संख्या 1288 रही। वहीं दूसरा टीका 679 व्यक्तियों ने लगवाया।
सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि जिले में विभाग की टीमों द्वारा कोरोना जांच और वैक्सीनेशन का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा व्यक्ति जांच करवाएं और वैक्सीन लगवाएं। कोरोना से बचाव के नियमों का पालन कर विभाग का सहयोग करें। मास्क और सामाजिक दूरी का ध्यान रखें। अपनी बारी आने पर वैक्सीन जरूर लगवाएं।