विभाग बिलों के साथ ले रहा 20 प्रतिशत तक सीवरेज व्यवस्था के चार्ज, फिर भी नहीं हो रहा समस्या का समाधान
घरों में हो रही सीवर की गंदगी मिली पानी की सप्लाई
चिरंजीवी कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से सीवर की समस्या से आ रहा पीने का गंदा पानी, लोगों ने की समाधान की मांग
कई वार्डों में समस्या ज्यों की त्यों बरकरार, विभाग द्वारा नहीं की जा रही सुनवाई
फोटो नंबर-02 से 04
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जन स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी से लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। हालांकि विभाग बेहतर व्यवस्था देने के लिए लोगों से सर्विस चार्ज भी वसूलता है लेकिन व्यवस्था देने के नाम पर उदासीन बना हुआ है। आलम यह है कि घरों के बिलों में 20 प्रतिशत सीवरेज व्यवस्था के लिए सर्विस चार्ज लेने के बावजूद शहर के अधिकांश वार्ड में सीवरेज व्यवस्था बदहाल है। पार्षदों ने इसके लिए दो बार जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में धरना भी दिया। लेकिन फिर भी विभाग ने इनका कोई समाधान नहीं किया। हालात यह हैं कि कई कालोनियों में पेयजल की पाइपलाइन में सीवर की गंदगी पीने के पानी के साथ घरों में सप्लाई हो रही है।
चिरंजीवी कॉलोनी में दूषित पेयजलापूर्ति : शहर के अंबाला रोड पर सीवर ब्लॉकेज की समस्या से चिरंजीवी कॉलोनी में पिछले एक सप्ताह से पीने के पानी की सप्लाई गंदी हो रही है। जिससे यहां पर लोगों को जीना दुश्वार हो चुुुका है। लोगों ने विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से विभाग के आला अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए चार बार मिल चुके हैं। लेकिन इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। कॉलोनीवासी नीलम आहुजा, भीम सिंह, सोनू, दीक्षित, राजेश व बिट्टू ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से रेत युक्त पीने के पानी की सप्लाई हो रही है। जिसका मुख्य कारण कॉलोनी में सीवर के मैनहोल ब्लाक होना है। मैनहोल के कई जगहों से ब्लाक होने केेेे कारण पीने के पानी की पाइप लाइन में सीवर का पानी जा रहा है। जिससे गंदा पानी सप्लाई हो रही है। कालोनी निवासी महिला रीना, रेनू, कृष्णा कामरा ने बताया कि गंदे पानी की समस्या के कारण वे एक किलोमीटर दूर जाकर पीने के पानी को भरकर लाना पड़ता है। जिससे काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वहीं सिद्धार्थ, मीना गोपाल, मनदीप चहल, अंगूरी व रमेश ने बताया कि वे सीवर व सप्लाई हो रहे पीने के गंदे पानी की शिकायत लेकर चार बार विभाग के आला अधिकारियों को मिल चुके हैं। लेकिन समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है।
गांधी नगर व ऋषि नगर में भी बदबूदार पेयजलापूर्ति : गांधी नगर व ऋषि नगर में भी गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। इस क्षेत्र की महिलाओं ने डीसी से मिलकर समाधान की मांग की, इसके बाद विभाग ने पड़ताल तो शुरू की है। लेकिन समाधान अभी तक नहीं हो पाया है। गांधी नगर में सीवर की समस्या मुंह बाए खड़ी है।
पार्षद दीपक ने शुक्रवार को दिया डीसी को ज्ञापन : वार्ड नंबर 14 के पार्षद दीपक शर्मा ने बताया कि उन्होंने सीवर की बदहाली को लेकर शुक्रवार को ही डीसी डॉ. प्रियंका सोनी के कार्यालय में ज्ञापन दिया है। पार्षद ने कहा कि सीवर खोला जाता है, अगले दिन फिर से ब्लॉक हो जाता है। न जाने क्या समस्या बनी हुई है। हर रोज सीवर बंद रहते हैं।
जल्द करवाएंगे समस्या का समाधान : जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ प्रदीप कुमार ने बताया कि शहर में सीवरमैन की कमी के कारण सीवर की समस्या आ रही है। जहां पर ब्लाकेज की समस्या है वहां पर अधिकतर कॉलोनियों में ब्लाकेज ठीक करवा दिया गया है। जहां पर सीवर में गंदगी है वहां विभाग की ओर से जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद समाधान करवा दिया जाएगा। चिरंजीवी कॉलोनी में भी पाइपलाइन लीकेज के कारण घरों में गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। इस समस्या का जल्द ही समाधान करवाया जाएगा।