कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले ओम प्रकाश चौटाला, कहा- पार्टी में अभी भी काले भेड़िए हो तो पार्टी छोड़ दे
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अंबाला रोड पर स्थित खुरानियां पैलेस में मंगलवार को इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में चौटाला ने कार्यकर्ताओं से लोकसभा व विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियों पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता पूर्व सीपीएस रामपाल माजरा व जिलाध्यक्ष कंवरपाल करोड़ा ने की। चौटाला ने कहा कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थों के लिए देश व प्रदेश लोगों के हितों को दांव पर लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह युवाओं को नौकरियां देने की वजह से जेल में हैं लेकिन इस बार भी सरकार बनने पर वह हर पढ़े-लिखे युवा को काबिलियत के आधार पर नौकरी देंगे, चाहे उन्हें फांसी क्यों न हो जाए। इसके साथ ही सरकार बनने पर बुजुर्गों को प्रतिदिन सौ रुपये सम्मान के तौर पर तीन हजार रुपये पेंशन भी देंगे। चौटाला ने कहा कि जिन लोगों को अपना स्वार्थ था, उन्होंने पार्टी को अलविदा कह दिया। ऐसे लोगों की पार्टी को भी कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर अभी भी पार्टी में कुछ काले भेड़िए हो तो उन्हें आप हाथ जोड़कर कह दें कि आप पार्टी छोड़ दो। यदि पार्टी संगठन मजबूत बनेगा तो अवश्य ही प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी।
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल में 2जी, कोयला व खेल में बड़े घोटाले किए। किसान आत्महत्या कर रहा है। 5 हेक्टेयर तक की जमीन के किसान को सालाना मिलने वाले 6 हजार रुपये ऊंट के मुंह में जीरे के समान है। इस अवसर पर इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा, इनेलो जिलाध्यक्ष पंडित कंवरपाल करोड़ा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र मदान, पूर्व विधायक बूटा सिंह, डॉ. संतोष दहिया ने जनसभा को संबोधित किया। इस मौके पर वरिष्ठ इनेलो नेता एडवोकेट शशी वालिया, काला खरक प्रधान, युवा जिला प्रधान अनिल तंवर, अधिवक्ता पवन ढुल, हलका प्रधान संजीव छौत, ईश्वर मैहला, पूंडरी हलका प्रधान ओमप्रकाश कैरा, रामप्रकाश गोगी, सुल्तान मुन्नारेहड़ी, जाट शिक्षा समिति के पूर्व प्रधान रणबीर ढुल फौजी, जसमेर तितरम, शमशेर कुराड़, कृष्ण बंसल, धर्मवीर, मियां सिंह जाजनपुर, राममेहर खुराना, प्रदीप, रमेश चहल, महिपाल नैना, ओमप्रकाश, रामदिया चावरिया, सरपंच राजा राम माजरा, नई अनाज मंडी के पूर्व प्रधान लाला टेकचंद संजूमा, राजेश शर्मा पूंडरी, जिला पार्षद इंद्र पाई, राजपाल, बलबीर मटौर, भूपसिंह, सुखा मानस, जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन रामचंद्र करोड़ा, रामफल मोर, ओमप्रकाश ढांडा, सुशील गुप्ता, रामकुमार बाता, सुभाष वाल्मीकी, ऋषि राज राणा सहित भारी संख्या में इनेलो पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।