धनतेरस आज, सजे बाजार, खरीदारों से पटा बाजार
बाजारों में रविवार को छुट्टी के दिन भी रही रौनक, लोगों ने शुरू की खरीदारी
फोटो नंबर-18 व 19
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। धनतेरस सोमवार को है। पर्व को लेकर खरीदारी के लिए बाजार पूरी तरह से सज चुके हैं। सर्राफा की दुकानों से लेकर बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक की दुकानों के साथ ही सजावट की दुकानों पर भी लोग खरीदारी करने में जुट गए हैं। त्योहार पर इस बार आभूषण की खरीदारी से कहीं अधिक सोने और चांदी के सिक्कों की बिक्री हो रही है। बीते वर्ष की अपेक्षा इस बार आभूषण के दामों में इजाफा हुआ है, लेकिन इसका त्योहार पर कोई असर नहीं है। पुराने सिक्के के साथ ही नये सिक्के की भी बिक्री अधिक है। व्यापारी रमेश ने बताया कि सिक्के की बिक्री अधिक है।
इलेक्ट्रॉनिक सामान में भी दुकानदार दे रहे छूट : दिवाली के पर्व पर बाजार में अधिकतर दुकानों में भीड़ जुटना रविवार से शुरू हो गई है। छुट्टी का दिन होने के बावजूद भी बाजारों में खूब रौनक रही। इस बार इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचने वाले दुकानदारों ने भी भारी छूट देने का एलान किया जै। जिसके तहत इन दुकानों में भी भारी भीड़ रही।
खरीदारी के लिए तीन बार मुहूर्त : इस बार धनतेरस के पर्व पर तीन बार शुभ मुहूर्त है। शिव शक्ति धाम के संचालक पंडित प्रेमशंकर ने बताया कि इस बार हस्त नक्षत्र में सोम प्रदोष व्रत व त्रियोदशी एक साथ आ रहे है। ऐसा योग कई वर्षाें बाद कभी कभी बनता है। पहला मुहूर्त सुबह 11.50 से लेकर 1.42 बजे तक है। दूसरों मुहूर्त शाम 4.15 से लेकर 5.29 व तीसरा मुहूर्त 5.40 से लेकर 7.56 तक है। यह मुहूर्त प्रदोषकाल का है। इसलिए इस दौरान जमीन का सौदा करना, गाड़ी, बर्तन व गणेश व माता लक्ष्मी की सोने व चांदी की प्रतिमा खरीदना अति लाभकारी होगा।