गुरुकुल में मोबाइल ले जाने पर बच्चे की पिटाई का आरोप
अध्यापकों के खिलाफ पूंडरी पुलिस थाने में शिकायत दी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गुरुकुल पूंडरी फतेहपुर में एक बच्चे द्वारा मोबाइल लेकर जाने पर बुरी तरह से पिटाई किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बच्चे के अभिभावकों ने पुलिस में शिकायत देकर गुरुकुल संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं गुरुकुल संचालकों ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
ट्योंठा निवासी जिले सिंह ने एसएचओ सीवन को दी शिकायत में कहा कि वह ट्योंठा का रहने वाला है और गुहला के कांगथली गांव में स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत है। वह वहां क्वार्टर में ही रहता है। उसके पुत्र का दाखिला गुरुकुल स्कूल पूंडरी फतेहपुर में नौवीं कक्षा में किया था। जानकारी ना होने के चलते उसका बेटा घर से फोन ले गया और दूसरे बच्चे ने घर पर उसी फोन से बात कर ली। उसी बच्चे ने बाद में अध्यापक को बता दिया कि उसके बेटे के पास मोबाइल है। इसके बाद अध्यापकों ने उसके बेटे को दो से तीन घंटे तक पीटा। उसे जातिसूचक शब्द भी कहे और भला बुरा कहा साथ ही मारपीट की। इससे उसका बेटा मानसिक तौर पर परेशान है। उसका मेडिकल करवाकर पुलिस को रिपोर्ट की है। इसीलिए स्कूल के अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस संबंध में पूंडरी थाने के जांच अधिकारी एएसआई बलवान सिंह ने कहा कि शिकायत आई है। मामले की जांच जारी है। अभी केस दर्ज नहीं हुआ है।
इस संबंध में गुरुकुल संचालक कविराज ने कहा कि 4 अप्रैल को इस बच्चे का दाखिला करवाया गया। 5 अप्रैल को वे बच्चे को मोबाइल देकर चले गए। इसकी जानकारी नहीं थी कि अभिभावक देकर गए हैं। होस्टल में बच्चे ने दूसरे बच्चों की भी बात करवाई। जो गुरुकुल के नियमों के खिलाफ था। इसके बाद बच्चे ने भागने का प्रयास किया। इसमें उस बच्चे को खरोंचें भी आई हैं। उसकी पिटाई नहीं की गई। पिटाई के आरोप बेबुनियाद हैं। न कोई जातिसूचक शब्द कहा गया। इसके बाद अभिभावक खुद अर्जी देकर बच्चे को छुट्टी लेकर गए थे। इसके बाद पता ही नहीं चला कि उन्होंने शिकायत दी है।