43 दिन में पेट्रोल के भाव 4.04 पैसे और डीजल के 3.32 पैसे बढ़े
हर रोज हो रहे कीमतों में बदलाव से पता नहीं चलता पेट्रोल व डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों का
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एक दिसंबर 2017 से 13 जनवरी 2018 तक एक माह 13 दिन में पेट्रोल की कीमतों में 4 रुपये 5 पैसे तो डीजल की कीमतों में 3 रुपये 32 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
पेट्रोल पंप से मिली जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर 2017 को कैथल में पेट्रोल की कीमत 68 रुपये 97 पैसे प्रति लीटर थी। जबकि डीजल की कीमत 58 रुपये 46 पैसे थी। जो 13 जनवरी 2018 को पेट्रोल की कीमत 71 रुपये 11 पैसे तो डीजल की कीमत 61 रुपये 78 पैसे हो गई है। इस तरह से पेट्रोल की कीमतों में 4 रुपये 4 पैसे तो डीजल की कीमतों में 3 रुपये 32 पैसे की बढ़ोतरी हुई है।
शहरवासी धर्मबीर ने बताया कि सरकार बड़ी ही चालाकी से पेट्रोल व डीजल की कीमतें बढ़ा रही है। हर रोज कीमतों में बदलाव किया जा रहा है। इससे लोगों को पता ही नहीं चलता कि पेट्रोल व डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। एक महीने में 4 रुपये 4 पैसे की बढ़ोतरी कहां तक उचित है? सरकार को चाहिए कि टेक्स कम करके डीजल व पेट्रोल पर जनता को राहत दे।
पेट्रोल पंप संचालक दीक्षित गर्ग ने बताया कि यह बात सही है कि 1 दिसंबर के मुकाबले अब तक पेट्रोल व डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। पेट्रोल की कीमत यह 4-5 माह पहले करीब 62 रुपये प्रति लीटर थी। जो आज लगभग 72 रुपये पहुंच गई है। 10 रुपये की बढ़ोतरी काफी ज्यादा है। उम्मीद है कि सरकार अब इन कीमतों को नियंत्रित करने के उपाय कर रही है।