‘सुबह-शाम घर से स्कूल, स्कूल से घर तक छोड़ने आते हैं मनचले, आखिर कैसे जाएं स्कूल’
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा राज्य बाल संरक्षण अधिकार आयोग की सदस्य रमनदीप कौर ने बुधवार को राजकीय कन्या स्कूल का दौरा कर स्कूल की व्यवस्थाएं जांची। जहां छात्राओं की पीड़ा सुनकर वे खुद हैरान रह गईं। छात्राओं ने कहा कि वे मनचलों से परेशान हैं। पुलिस थाना नजदीक होने के बावजूद कोई राहत नहीं मिल पा रही है।
सबसे पहले आयोग की सदस्य रमनदीप कौर मेन बाजार के राजकीय कन्या स्कूल में पहुंची। जहां स्कूल के इंट्री गेट पर ही नौंवी कक्षा की दो छात्राएं बैठकर चौकीदार की ड्यूटी कर रही थी। इस पर जब आयोग की सदस्य ने छात्राओं से पूछा तो उन्होंने बताया कि स्कूल की छात्राएं अध्यापकों की अनुमति के बिना बाहर चली जाती हैं। जिस पर रोक लगाने के लिए स्कूल प्रशासन ने उन्हें यहां पर बैठाया था। जिस पर आयोग की सदस्य ने प्रिंसिपल को फटकार लगाते हुए दोबारा ऐसा न करने की हिदायत दी। इसके बाद आयोग की सदस्य ने कक्षा में छात्राओं से बातचीत की और उनके कार्य के रजिस्टरों को चेक किया। इस दौरान कक्षाओं में सफाई नहीं मिली जिस पर उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद आयोग की सदस्य ने छात्राओं के साथ समस्याओं को लेकर संवाद किया। जिसमें उन्होंने छात्राओं के समक्ष आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी हासिल की। छात्राओं ने कहा कि मैडम सुबह के समय स्कूल आते समय और दोपहर में स्कूल जाते समय मोटरसाइकिल सवार लड़के उनका पीछा कर छेड़खानी करते हैं। कमेंट्स करते हैं। स्कूल की कुछ ही दूरी पर सिटी पुलिस थाना स्थित हैं। लेकिन उसके बावजूद भी पुलिस को शरारती युवाओं के हुड़दंग करने की भनक तक नहीं लगती। इस पर आयोग की सदस्य ने सिटी थाना के एसएचओ रामेश चंद को स्कूल में बुलाया और उनके द्वारा सुबह व दोपहर को एक घंटा पीसीआर व राइडर लगाने के निर्देश दिए। स्कूल के बाहर अवैध पार्किंग होने के कारण यहां पर स्कूल जाते समय पैदल गुजरना भी मुश्किल है। कई बार तो छात्राएं वाहन चालकों के कारण चोटिल भी हो जाती हैं। इस समस्या का भी जल्द समाधान किया जाए।
इसके बाद आयोग की सदस्य जाखौली अड्डा स्थित राजकीय कन्या स्कूल में पहुंची। जहां उन्होंने स्कूल की व्यवस्थाओं का जांचा। सबसे पहले आयोग की सदस्य स्कूल में बन रहे मिड डे मिल की रसोई में गई। यहां पर मिड डे मिल की रसोई के बाहर गंदगी का आलम था। यहां पर कंटीली झाड़ियां मिलीं। जिस पर आयोग की सदस्य ने जब प्रिंसिपल को इसे साफ करवाने के लिए बोला तो प्रिंसिपल ने कहा कि मैडम स्कूल के पास न तो पर्याप्त सफाई कर्मचारी है और न हीं कोई माली, ऐसे में कैसे होगी रखवाली। इस दौरान टीम में शामिल बाल कल्याण समिति की सदस्य रीतू सिंगला ने प्रिंसिपल से कहा कि मैडम आपने छह महीने पहले हुए दौरे पर समाधान का आश्वासन दिया था। लेकिन यह समस्या ज्यों की त्यों है। इसमें कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद आयोग की सदस्य ने कक्षाओं का दौरा किया तो सभी कक्षाओं में छात्राएं दरियों पर बैठी थी। जिस पर सदस्य ने बीईओ साहब सिंह से डेस्क के बारे में पूछा उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पूरे प्रदेश में डेस्क का प्रबंध करवाया जाता है। जिसकी प्रपोजल भेज रखी है। इसके बाद आयोग की सदस्य ने यहां पर भी छात्राओं से संवाद किया।
यह रहे टीम में शामिल : निरीक्षण की टीम में आयोग की सदस्य रमनदीप कौर, बीईओ साहिब सिंह, बाल कल्याण समिति की सदस्य रीतू सिंगला, पूजा रानी, एसएसआई दुर्गा दास, संतोष, मोनिका, दीपेश, सोनू शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।
- छात्राओं ने हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य को बताई पीड़ा
कहा- थाना है नजदीक, पुलिस को भनक तक नहीं लगती, स्कूल के आगे अवैध पार्किंग से पैदल जाने का रास्ता भी ब्लॉक
आयोग सदस्या ने किया स्कूलों का निरीक्षण
प्रिंसीपल करवा रहा था छात्राओं सेे चौकीदारी की डयूटी, सदस्य ने लगाई फटकार
फोटो नंबर-1 से 5