कैथल। लघु सचिवालय में शुक्रवार को आयोजित हुए समाधान शिविर में भी अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनी। इस दौरान शिविर में 86 शिकायतें आईं जिसकी सुनवाई डीसी प्रशांत पंवार ने की। इसमें से 26 का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। साथ ही शेष शिकायतों को लेकर संबंधित अधिकारियों को जल्द निवारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान हैफेड के चेयरमैन कैलाश भगत भी समाधान शिविर में पहुंचे और लोगों की समस्याएं सुनी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का ध्येय है कि पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं को लाभ पहुंचे। सरकार द्वारा समाधान शिविर के माध्यम से परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि से संबंधित समस्याओं का निवारण किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। डीसी प्रशांत पंवार ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की शिकायतों का निवारण करने के प्रति पूरी तरह से गंभीर है। समाधान शिविर में आ रहे लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का मौके पर निदान संभव नहीं होता, उनके के लिए समय निर्धारित कर जिम्मेदारों को निर्देश दिए जाते हैं। शिविर में पुलिस विभाग से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए डीएसपी हेडक्वार्टर उमेद भी मौजूद रहे। इसके अलावा अन्य विभागों से भी जुड़े अधिकारी शिविर में मौजूद रहे।