डंपिंग प्वाइंट न हटाने पर डीसी से मिले दुकानदार, डीसी ने एक सप्ताह में दिया समाधान का आश्वासन
फोटो नंबर-01
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल शहर में मेन बाजार, रेलवे गेट व तलाई बाजार की ओर जाने वाले चौक पर चौक पर नप की ओर से बनाए गए कचरा डंपिंग प्वाइंट न हटाने पर मंगलवार को दुकानदार डीसी से मिले। दुकानदारों ने कचरा डंपिंग प्वाइंट हटाने की मांग की। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि यहां पर नप की ओर से डंपिंग प्वाइंट बनाया है। जिसे हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया था। लेकिन दो दिन बीत जाने के बाद भी नप ने इसे हटाया नहीं है।
दुकानदार जगदीश तनेजा, वेद प्रकाश, रामकुमार, रमेश जांगड़ा, मोहन लाल, राजेश गर्ग ने बताया कि नप द्वारा कचरा डंपिंग प्वाइंट को हटाने की मांग पर सभी दुकानदारों ने शनिवार को प्रदर्शन भी किया था। जिस पर नप के अधिकारियों ने सोमवार को यहां का दौरा कर इसे हटाने का आश्वासन भी दिया था। लेकिन यहां पर कोई भी अधिकारी दौरा करने नहीं पहुंचा। दुकानदारों ने कहा कि यहां पर पहले ही भीड़ भाड़ वाला इलाका है। उसके बावजूद यहां पर भारी वाहनों की आवाजाही होती है। जिसको रोकने के लिए यातायात के लिए एक पुलिस कर्मचारी की भी ड्यूटी लगाई जाए।
दुकानदारों की मांगों पर डीसी प्रियंका सोनी ने उन्हें जल्द ही समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। वहीं इन दुकानदारों ने डीसी से कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ तो वे चौक पर ही धरना देकर जिला प्रशासन व नप के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर मोहन लाल, राजेश गर्ग, धर्मनाथ, राजेश गोयल, संजीव सैनी, सुभाष सैनी सहित अन्य दुकानदार मौजूद रहे।