गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस चौकस
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने कमर कस ली है। आतंकी गतिविधियों, छेड़छाड़, चोरी, छीना-झपटी, चैन स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने के लिए कड़े सुरक्षा प्रंबध किए गए है। एसपी वसीम अकरम ने बताया कि समारोह में महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन ध्वजारोहण करेंगी व परेड की सलामी लेंगी। एसपी ने बताया कि सभी पर्यवेक्षण अधिकारी व थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में स्पेशल गश्त करेंगे। जिस दौरान असामाजिक व अपराधी तत्वों की धरपकड़ पर जोर रहेगा। इसके लिए शरारती तत्वों की फोटो ज्यादा से ज्यादा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से शेयर की जा रही है। शहर व सीमावर्ती क्षेत्र में स्पेशल नाकाबंदी करके वाहनों की जांच की जा रही है तथा विभिन्न बिंदुओं पर नाकों के अतिरिक्त पंजाब से लगते सीमावर्ती क्षेत्र व विभिन्न कच्चे रास्तों पर भी गश्त व नाकाबंदी की जाएगी। इस दौरान गणतंत्र दिवस तक शहर क्षेत्र में राइडर भिन्न-भिन्न रूटों पर निरंतर गश्त करेंगे, जिनकी लावारिस गाड़ी, रिक्शा, मोटर साइकिल व अन्य वाहन तथा ताजी खुदी हुई मिट्टी सहित विभिन्न बिंदुओ पर पैनी नजर रहेगी।