सुरजेवाला ने जताया पत्रकारों के निधन पर शोक, परिजनों को दी सांत्वना
रविवार शाम दोनों पत्रकारों के घर पहुंचे सुरजेवाला, 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद देने का भी किया एलान
फोटो संख्या-13 व 14
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। कांग्रेस पार्टी के अखिल भारतीय मीडिया प्रभारी, कांग्रेस की केंद्रीय कोर कमेटी सदस्य एवं विधायक रणदीप सुरजेवाला ने पिछले सप्ताह बिजली के करंट से मौत का शिकार हुए पत्रकारों के निधन पर शोक जताया है। सुरजेवाला रविवार शाम दोनों पत्रकारों के घर पहुंचे और दोनों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद देने का भी भरोसा दिया। सुरजेवाला सबसे पहले कैथल की कौलेखां बस्ती में स्थित पत्रकार सुशील के घर पहुंचे। जहां उन्होंने सुशील के भाई, उनके चाचा व अन्य परिजनों से मिलकर शोक जताया और कहा कि यह सभी के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने खुद भी पीजीआई में डॉक्टरों से संपर्क कर भरपूर प्रयास किया कि दोनों की जान बच जाए। परिजनों ने भी सुरजेवाला के चंडीगढ़ में दोनों पत्रकारों के दाखिल रहते समय किए गए चिकित्सीय सेवाओं के लिए प्रयासों के लिए आभार जताया।
इसके बाद सुरजेवाला गांव देवबन में स्थित पत्रकार नरेंद्र जैली के घर पहुंचे। जहां उनके छोटे भाई, पिता सहित अन्य परिजनों से मिले। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। मौके पर सुदीप सुरजेवाला, राजेश जागलान, राजेंद्र बलवंती आदि मौजूद थे।