शुगर मिल में मिली चिप को जांच के लिए पुलिस ने लैब में भेजा
किसान संघ ने की डीएसपी से मुलाकात, डीसी ने दी जानकारी
फोटो संख्या-58
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शुगर मिल में धर्मकांटे में मिली चिप को पुलिस ने जांच के लिए मधुबन स्थित पुलिस की लैब में भेज दिया है। ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस चिप का प्रयोग कैसे और किस उद्देश्य से किया जा रहा था। यह जानकारी डीएसपी तरुण सैनी ने किसान संघ के प्रतिनिधियों को दी। किसान संघ के प्रतिनिधियों रणदीप आर्य फरल, गुल्तान नैना सहित अन्य ने बताया कि वे चिप घोटाले मामले में सुबह पहले डीसी धर्मवीर सिंह से मिले। इसके बाद वे डीएसपी तरुण सैनी से मिलने पहुंचे। वे इस मामले की जांच कर रही एसआईटी के इंचार्ज हैं। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने जो चिप बरामद की थी, उसे जांच के लिए मधुबन स्थित लैब में भेज दिया गया है। जहां से रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी। लैब से यह पता लगाया जाएगा कि यह चिप किस उद्देश्य से काम में लाई जा रही थी। डीसी ने भी मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।