पानी के बिल भरने की समस्या, हुडा वासी परेशान
कैथल। पानी और सीवरेज के बिल भरने की समस्या को लेकर हुडा कालोनी वासी खासे परेशान हैं। विभाग के नियम के अनुसार हुडा कालोनी के पानी के बिल अब बैंकों में भे जाएंगे। इस पर संबंधित बैंक दस रुपये ट्रांजेक्शन चार्जिज के नाम पर अलग से लेता है। इसके अतिरिक्त हुडा कालोनी के आसपास किसी भी बैंक की शाखा न होने के कारण बिल भरने वालों को ऑटो द्वारा बिल भरने के लिए बैंक तक जाना पड़ता है। इस प्रकार उपभोक्ता के 20 से 30 रुपये ऑटो पर खर्च हो जाते हैं। हुडा वासियों की मांग है कि पानी के बिल हुडा में स्थापित कार्यालय में ही लिए जाएं। हुडा कालोनी में स्वयं का नव निर्मित काफी बड़ा दफ्तर है, यहां पर कर्मचारी बिठा कर बिल लेने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। वहीं हुडा की संपदा अधिकारी कमलप्रीत कौर ने कहा कि वे इस बारे में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बात करेंगी। वे प्रयास करेंगी कि हुडा कालोनी वासियों के पानी के बिल हुडा के दफ्तर में भरे जाएं ताकि लोगों को परेशानी न हो।