जगन्नाथ की भक्ति में लीन हुआ शहर
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। इस्कॉन प्रचार समिति की ओर से रविवार को भगवान जगन्नाथ यात्रा निकाली गई। यह यात्रा श्री खाटू श्याम मंदिर अंबाला रोड से भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा का श्री गोपाल कृष्ण गोस्वामी की नेतृत्व में शुभारंभ किया गया। रथ यात्रा में रथ पर भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बलराम की प्रतिमा को सजाया गया।
सर्व प्रथम उनकी पूजा अर्चना करने के उपरांत आरती की गई। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र ईस्कान समिति के प्रधान साक्षी गोपाल महाराज जी ने रथ यात्रा में उमड़े विशाल जनसमूह को बताया कि भगवान जगन्नाथ की यात्रा में भाग लेने से कोटी-कोटी पुण्य की प्राप्ति होने के साथ जाने-अनजाने किए हुए पाप कटते हैं। यात्रा का शुभारम्भ मुख्यातिथि मनदीप सिंह एडवोकेट, समाज सेवी विनोद भल्ला व अशोक बंसल ने नारियल फोड़ कर और सोने की झाड़ू से रास्ते को साफ करके किया। यह यात्रा शहर के अंबाला रोड़ से शुरू होकर अंबाला रोड़, छोटू राम चौक हुडा के सेक्टर 19 पार्ट एक व दो हुडा मार्केट, लघु सचिवालय, करनाल रोड, पिहोवा चौक से होती हुई यह नगर परिषद के पास भाई उदय सिंह के किले पर विशाल भंडारे के साथ संपन हुई। यह रथ यात्रा शहर में जहां से भी गुजरी लोगो ने पुष्प वर्षा करके इसका स्वागत किया।
इस रथ यात्रा में राधा-कृष्ण, शिव पार्वती के साथ अन्य देवी देवताओं की झांकियां की प्रस्तुति भी रही। इस अवसर पर राज गुलाटी, अशीश गर्ग, डा श्याम साहनी, पंकज शर्मा, सुनील टुटेजा, भारत मदान, लवली कालड़ा, डा.पवन थरेजा, महेन्द्र थरेजा, गुलशन थरेजा, मुकेश शर्मा आदि मौजूद रहे।