कल पदभार ग्रहण करेंगे डॉ. पवन थरेजा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नगर परिषद के कार्यकारी चेयरमैन के तौर पर डॉ. पवन थरेजा सोमवार सुबह कार्यभार संभालेेंगे। इसके लिए विधिवत तौर पर हवन का आयोजन किया जाएगा। स्वयं पवन थरेजा की ओर से इसके लिए पार्षदों को निमंत्रण दिया जा रहा है। वहीं असंतुष्ट खेमे के पार्षदों में चेयरमैनी की दौड़ में शामिल कई पार्षद अब भगवान की शरण में हैं। पार्षद एवं उनके प्रतिनिधि मंदिरों में भगवान से प्रार्थना करने पहुंच रहे हैं।
पार्षद मोहन लाल शर्मा ने बताया कि डा. पवन थरेजा के कार्यभार संभालने संबंधी सभी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इसके लिए सोमवार को हवन का आयोजन किया जाएगा। वैसे शुक्रवार को उनके कार्यभार ग्रहण करने संबंधी कागजात तैयार हो गए हैं। लेकिन शनिवार व रविवार का अवकाश होने के चलते अब सोमवार को पदभार संभालेंगे। परिषद में अब निष्पक्ष तौर पर काम होगा। दूसरी ओर असंतुष्ट खेमे के कई पार्षद एवं उनके प्रतिनिधियों से बातचीत की गई तो पता चला कि उनमें से कई पार्षद एवं उनके प्रतिनिधि मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। असंतुष्ट खेमे की ओर से पार्षद नरेश मित्तल ने कहा कि वे 13 एकजुट हैं और भाजपा समर्थित इन 13 पार्षदों में से ही अगला चेयरमैन होगा। सभी से उनका आग्रह है कि 13 पार्षदों में जातीय भेद व फूट डालने का प्रयास न करें। उन्हें एकजुट रहने दें।