कैथल। सेक्टर 20 में ओटीपी पूछकर क्रेडिट कार्ड से 79 हजार रुपये की ठगी का मामले में साइबर क्राइम थाना में केस दर्ज किया गया है। मामले में सेक्टर-20 निवासी सुकांत पबरेजा ने अपनी शिकायत में बताया कि नौ सितंबर को उसके घर पर कोरियर से बैंक ऑफ बड़ौदा का क्रेडिट कार्ड आया था। कार्ड की लिमिट 80 हजार रुपये थी और नकदी की लिमिट 32 हजार रुपये थी। दस सितंबर को दोपहर बाद उसके पास फोन आया। ठग ने उससे कार्ड चालू करवाने के बारे में कहा।
उसने हां कर दी तो ठग ने यूजर आइडी व पासवर्ड मेल आइडी पर आने के बारे में बताया। उसके बाद ठग ने पूछा कि क्या आपको क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ानी है तो उसने हां कर दी। उसके बाद ठग ने उसके पास एक ओटीपी भेजा और उसने ठग को बता दिया। उसके बाद ठग ने उसे बीओबी कार्ड एप डाउनलोड करने के लिए कहा। एप पर भी एक ओटीपी आया जो उसने ठग को बता दिया। उसी समय उसके पास 79,300 रुपये की राशि कटने का संदेश आया। उसने उसी समय बैंक में फोन करके अपना क्रेडिट कार्ड ब्लाक करवा लिया था। साइबर क्राइम के नंबर पर भी शिकायत दे दी थी।
क्रेडिट कार्ड की ओटीपी पूछकर 16 हजार रुपये निकाले
कैथल। क्रेडिट कार्ड का ओटीपी पूछकर एक व्यक्ति के खाते से अज्ञात ने 16 हजार 188 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ साइबर क्राइम थाना में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया। देवीगढ़ के राकेश कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एचडीएफसी बैंक का क्रेडिट कार्ड प्रयोग करता है। उसने बताया कि उसके मोबाइल पर छह सितंबर को एक फोन आया। उसने बताया कि वह एसबीआई बैंक से बोल रहा है तथा उसने क्रेडिट कार्ड के लिए अप्लाई किया हुआ है। उसके पूछे जाने पर उसने अपना ओटीपी नंबर बता दिया। आरोपी ने कुछ ही समय में उसके खाते से 16,188 की राशि निकाल ली। बाद में आरोपी ने मोबाइल को बंद कर लिया तथा उसे कोई बातचीत नहीं की। जिस पर उसने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।