संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। उपायुक्त प्रीति ने बताया कि गत दिवस तक जिले की विभिन्न मंडियों में खरीद एजेंसियों द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सात लाख 67 हजार 930 मीट्रिक टन (एमटी) धान की खरीद हो चुकी है। इसमें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने तीन लाख 76 हजार 313 एमटी, हैफेड ने दो लाख 34 हजार 300 एमटी और हरियाणा वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन ने एक लाख 57 हजार 317 एमटी धान खरीदी है।
उपायुक्त ने बताया कि अरनौली मंडी में 6,569 एमटी, भागल मंडी में 2,684 एमटी, ढांड मंडी में 1,24,334 एमटी, धनौरी में 2,269 एमटी, गुहला चीका में 2,66,204 एमटी, पुरानी अनाज मंडी कैथल में 7,623 एमटी, नई अनाज मंडी कैथल में 94,593 एमटी, अतिरिक्त नई अनाज मंडी में 80,542 एमटी, कलायत मंडी में 12,977 एमटी, कौल में 11,293 एमटी, पाई मंडी में 11,247 एमटी, पूंडरी में 82,704 एमटी, राजौंद में 11,854 एमटी, रामथली में 28,618 एमटी और सीवन में 23,418 एमटी धान की खरीद दर्ज की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उठान कार्य पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि व्यापारियों और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मंडी परिसर में किसानों की सुविधा के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन द्वारा किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के लिए सभी व्यवस्था और प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सूखाकर मंडियों में लाएं, ताकि बिना किसी परेशानी के फसल बेची जा सके और खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।