फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुराने बस अड्डे के पास से सेक्टर-21 में शिफ्ट होगा टैक्सी स्टैंड, निर्धारित जगहों पर रुकेंगे ऑटो

विज्ञापन
विज्ञापन
कैथल। शहर में पुराने बस अड्डे केे निकट बने टैक्सी स्टैंड को हटाकर सेक्टर 21 में निर्धारित किए गए टैक्सी स्टैंड पर शिफ्ट किया जाएगा। साथ ही ऑटो चालकों के लिए शहर में विभिन्न चौक-चौराहों पर ऑटो रोक कर सवारी बैठाने के लिए जगह निर्धारित होंगी। ताकि वे कहीं भी ब्रेक न लगा सकें। बिना नंबर के, नियमों की अवहेलना करने वाले ऑटो चालकों के अब चालान कर उन्हें इंपाउंड किया जाएगा। जिनके चालान का भुगतान भी पुलिस थाने की बजाए कोर्ट में होगा। यह निर्देश एसपी वसीम अकरम ने सोमवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में बुलाई गई शहर में विभिन्न वर्गों के गणमान्य लोगों के साथ यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर बैठक में दिए। बैठक में आईएमए, बैंकर्स, ऑटो यूनियन सहित यातायात से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया था। एसपी ने सभी से अलग-अलग सुझाव व शहर में आ रही समस्याओं पर सुझाव मांगें।
विज्ञापन

डॉ. अरविंद गुप्ता ने शहर में सेक्टर 20 व 21 के अंबाला रोड पर मुख्य चौक पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाने, सर छोटू राम चौक पर गलत साइड से जवाहर पार्क की ओर जाने, अंबाला रोड पर गलत साइड से वाहन चलाने बारे जानकारी दी। जिस पर एसपी ने एसएचओ यातायात नवीन कुमार व एसएचओ सिटी को निर्देश दिए कि 2 घंटे छोटू राम चौक या आस-पास हर रोज पुलिस खड़ी होकर वाहनों के चालान करें।
शाह अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. एमएस शाह ने कहा कि शहर में टैक्सी स्टैंड के लिए जगह निर्धारित करने का सुझाव दिया। जिस पर एसपी ने अधिकारियों से शहर में आधिकारिक जगह पूछी तो ईओ अशोक हुड़िया ने बताया कि सीएम घोषणा में तो आ गई है, लेकिन कोड नहीं लगा है। इस पर एसपी को बताया गया कि सेक्टर 21 में आधिकारिक जगह है तो एसपी ने निर्देश दिए कि सभी टैक्सी संचालकों को निर्देश दिए जाएं कि वे सेक्टर 21 में निर्धारित जगह में ही खड़ा करें।
विज्ञापन

सैनी समोसे वाले की ओर से पहुंचे बाबू राम सैनी ने कहा कि आईजी कॉलेज के निकट नाला ओवरफ्लो रहता है। जिस कारण लोग सड़क पर वाहन खड़ा करते हैं। कॉलेज के सामने गली में भी बाइक आड़ी-तिरछी खड़ी रहती हैं। कई गाड़ियां खड़ी रहती हैं। कई ऐसे लोग घूमते हैं, जिनका वहां कोई काम नहीं रहता। इस पर एसपी ने एसएचओ सिविल लाइन को निर्देश दिए कि इस पर ध्यान दें।
एसपी ने ऑटो चालक यूनियन से पूछा, ऑटो बंद होंगे या नियमों का पालन करेंगे : एसपी ने ऑटो चालक यूनियन से पूछा कि 4 माह हो गए अभी तक भी ऑटो चालक नियमों का पालन नहीं कर रहे। जहां मर्जी आए ऑटो रोक देते हैं। कई ऑटो पर नंबर भी नहीं हैं। इस पर ऑटो चालक यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि बस अड्डे के प्रवेश द्वार पर, करनाल रोड बाईपास चौक पर बसों के निकट खड़े होने वाले ऑटो चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वे पूरा प्रयास करेंगे कि ऑटो चालक नियमों का पालन करें। इस पर एसपी ने कहा कि सभी ऑटो चालक अपना यूनियन में रजिस्टर लगाएं। शहर में सभी सड़कों पर जगह निर्धारित हों, जहां ऑटो रुक सके। अन्यथा उनके चालान होंगे, उनके चालान अब कोर्ट के आदेशानुसार थाने में नहीं बल्कि कोर्ट में भुगते जाएंगे।
अतिक्रमण हटाने में मदद करें शहरवासी : एसपी ने विभिन्न दुकानदारों की यूनियन व गणमान्य लोगों का आह्वान किया कि वे शहर में अतिक्रमण हटाने में मदद करें। एक-एक मीटर भी शहर की सड़कों से अतिक्रमण हट गया तो निश्चित तौर पर शहर में यातायात व्यवस्था सुधर जाएगी।
बैंकों का आह्वान, बाहर पार्किंग व्यवस्था पर ध्यान दें : एसपी ने लीड बैंक मैनेजर का आह्वान किया कि कई बार पहले भी चर्चा हुई है। मुख्य रूप से छात्रावास रोड पर स्थित कैनरा बैंक, पिहोवा चौक का एचडीएफसी बैंक, करनाल रोड पर एसबीआई, अंबाला रोड पर पीएनबी सहित 15-16 ऐसे बैंक हैं, जिनकी पार्किंग के कारण हालत खराब है। गार्ड कम से कम एक बार बाहर निकल कर व्यवस्था तो करवा ही सकते हैं। इस पर एलडीएम आरके कटारिया ने कहा कि वे सभी बैंकर्स की बैठक बुलाकर इस बारे में जरूर कार्रवाई करेंगे।
अस्पतालों के बाहर पार्किंग की व्यवस्था सुधारें : एसपी ने सभी डॉर्क्ट्स का आह्वान किया कि वे अपने अस्पतालों के बाहर होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग को सुधारें। कम से कम पीली पट्टी के अंदर तक ही वाहन खड़ा करने की जगह जरूर देखें।
सभी स्कूल संचालकों को पत्र लिखने के निर्देश : एसपी ने सभी स्कूल संचालकों को पत्र लिखने के आदेश देते हुए कहा कि स्कूल संचालकों को बताया जाए कि स्कूल में जो भी विद्यार्थी व अध्यापक वाहन लेकर आते हैं, वे हेलमेट व लाइसेंस जरूर अनिवार्य करें।
पुलिस हायर करेगी दो टो-वैन : एसपी ने यह भी बताया कि पुलिस दो 2 टो-वैन हायर करेगी। ताकि नो पार्किंग में खड़े होने वाले वाहनों को टो करके जब्त किया जा सके। पहले उन्होंने ईओ से क्रेन के बारे में पूछा। बाद में कहा कि पुलिस खुद ही टो-वैन हायर करेगी।
कोचिंग सेंटर, रेहड़ी चालक व रीडिंग सेंटर नहीं पहुंचे बैठक में : एसपी ने कहा कि शहर में यह भी सर्वे किया जाए कि कितने कोचिंग सेंटर हैं। अगली बैठक में कोचिंग सेंटर संचालकों, रेहड़ी संचालकों व रीडिंग सेेंटर संचालकों को बुलाकर यातायात व्यवस्था सुधारने में सहायता ली जाएगी। एक माह बार फिर से ऐसी बैठक बुलाने के लिए कहा है।
बैठक में डॉ. एमएस शाह, डॉ. आनंद, डॉ. अरविंद गुप्ता, डा. सिंगला, डॉ. डीपी गुप्ता, बाबू राम सैनी, एसएचओ सिटी, एसएचओ सिविल लाइन, ट्रैफिक एसएचओ नवीन कुमार, हलवाई यूनियन सहित शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार के प्रयासों के चलते हादसों में कमी आई है। पुलिस का प्रयास है कि शहर के लोगों की मदद से यातायात व्यवस्था में सुधार हो। क्योंकि इससे समाज को ही लाभ मिलेगा। पुलिस की ऊर्जा यदि इसमें ज्यादा खर्च नहीं होगी तो और अनिवार्य काम करने में खर्च की जा सकेगी। जिससे जनता के ही ज्यादा काम होंगे।
विज्ञापन

वसीम अकरम, एसपी, कैथल।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें