धार्मिक चिह्न पहन कर परीक्षा देने की मांग पर शिरोमणि अकाली दल ने सौंपा ज्ञापन
फोटो नंबर-14
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। एचसीएस परीक्षा में धार्मिक चिन्ह पहन कर परीक्षा देने की मांग पर शिरोमणि अकाली दल के सदस्य शनिवार को लघु सचिवालय में डीसी से मिलने के लिए पहुंचे। लेकिन डीसी के अनुपस्थित होने के कारण उन्होंने अपनी मांग का एक ज्ञापन मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार ईश्वर सिंह को सौंपा।
संगठन के सदस्य शरणजीत सिंह सौथा, प्रीतपाल सिंह झब्बर, गुरदीप सिंह मलिक ने बताया कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन द्वारा 31 मार्च को प्रदेश भर में परीक्षा करवाई जा रही है। इस परीक्षा को लेकर प्रदेश भर के जिला प्रशासन द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार धार्मिक चिन्ह पहनकर परीक्षार्थी के परीक्षा देने पर प्रतिबंध लगाया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा सिक्खों को किसी भी स्थान पर धार्मिक चिन्ह पहनकर जाने की अनुमति दी गई है। जबकि भारतीय संविधान की धारा 25 में भी सिक्खों को अपने धार्मिक चिन्हों के पहने का अधिकार दिया गया है। इसके बावजूद सिक्खों को धार्मिक चिन्ह पहनकर परीक्षा देने की पाबंदी अन्याय है। जिसे किसी भी सुरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सरकार द्वारा हमारी मांगों को नहीं माना गया तो सिक्ख समाज सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा। इस मौके पर गुरदीप सिंह मलिक, प्रीतम सिंह ढिल्लो, कुलदीप सिंह चीमा, सुच्चा सिंह, गुरमीत सिंह पूनियां, दलजीत सिंह ढिल्लो, सुबेदार जस्सा सिंह, जवाहर सिंह मौजूद रहे।