41 साल पुरानी अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन हुई दो-फाड़
- आढ़ती एसोसिएशन के चुनाव के बाद पराजित गुट ने बनाई अलग एसोसिएशन, 200 से अधिक आढ़तियों के समर्थन का दावा
पिछले सप्ताह ही चुनाव में 30 मतों वे विजयी हुए थे कृष्ण मित्तल, पांच बार के प्रधान सुरेश चौधरी को किया था पराजित
गेहूं व धान के सीजन में होता है एसोसिएशन का अहम योगदान
फोटो संख्या-17, 39, 40
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन 41 साल में दूसरी बार दो-फाड़ हो गई। पिछले सप्ताह चुनाव के माध्यम से 30 वोट से विजयी होकर प्रधान बने कृष्ण मित्तल पर अनावश्यक बयानबाजी का आरोप लगाकर काफी संख्या में एकत्रित हुए आढ़तियों ने पूर्व नगर परिषद चेयरमैन रामनिवास मित्तल के भाई शमशेर मित्तल को नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन का प्रधान चुन लिया। जिसे द कैथल ग्रेन डीलर्स एसोसिएशन का नाम दिया गया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के एक और सुधार प्रोजेक्ट के डायरेक्टर रॉकी मित्तल भी मौजूद थे। राजपाल चहल को नई एसोसिएशन का चेयरमैन बनाया गया है।
रॉकी मित्तल ने नवनियुक्त प्रधान शमशेर मित्तल की दुकान पर फूलों की माला से स्वागत किया और सर्वसम्मति से उन्हें नई एसोसिएशन द कैथल ग्रेन डीलर्स एसोसिएशन का प्रधान घोषित कर दिया। मित्तल ने कहा कि मंडी में मौजूदा एसोसिएशन के प्रधान ने चुनाव जीतने के बाद उनके खिलाफ ऐसे शब्दों का प्रयोग किया, जिसे आढ़तियों ने स्वीकार नहीं किया। आढ़तियों ने उनके इसी व्यवहार व रवैये के विरोध में नई एसोसिएशन का गठन किया है। जिसमेें शमशेर मित्तल प्रधान व राजपाल चहल को चेयरमैन बनाया गया है।
नवनियुक्त प्रधान शमशेर मित्तल ने कहा कि वे आढ़तियों की समस्याओं उठान, बारदाना, लोडिंग-अनलोडिंग, फसल का भुगतान, लाइसेंस, घटोतरी जैसे मुद्दों पर काम करेंगे। पूर्व प्रधान अश्वनी शोरेवाला ने कहा कि नई एसोसिएशन का रजिस्ट्रेशन करवाया जाएगा। हर मंडी में दो एसोसिएशन हैं। इसलिए यहां भी नई एसोसिएशन का गठन किया गया है। आढ़ती चाहे किसी भी एसोसिएशन के सदस्य बन सकते हैं। यह फैसला 200 से अधिक आढ़तियों ने लिया है। नई एसोसिएशन पुरानी एसोसिएशन को भी साथ लेकर चलेगी। आढ़तियों की राशि हड़पने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। आढ़ती काफी परेशान थे। उनके काम नहीं हो रहे हैं। नगर परिषद के पूर्व प्रधान रामनिवास मित्तल ने कहा कि आढ़तियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इसलिए नई एसोसिएशन का गठन किया गया है। इस अवसर पर सुरेश गर्ग चौधरी, सतीश जैन, रामनिवास जैन, राधेश्याम पाड़ला, अनूप बंसल, रामनिवास किच्छानिया, रामनिवास खुरानिया, देशराज बंसल, धर्मपाल कठवाड़, सत्यवान, जयकिशन मान, दिलबाग संधू, राममेहर, राजकिशन मित्तल, नरेंद्र मंगला, रजनीश गर्ग, विनोद जैन, कृष्ण सैनी, जगदीश कालड़ा, अनिल गर्ग, रघुबीर, प्रमोद गोयल, नरेश गोयल, नरेश गर्ग, तरसेम गोयल, बजरंग मित्तल सहित नई एसोसिएशन ने करीब भारी संख्या में आढ़तियों के समर्थन का दावा किया है।
20 साल पहले भी हुई थी एसोसिएशन दो फाड़ : 41 साल पहले बनी कैथल अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन करीब 20 साल पहले भी दो फाड़ हुई थी। लेकिन उस समय भी यह महज एक साल ही चल सका। इसके बाद फिर से एक एसोसिएशन बना ली गई थी। अब एक बार फिर से आढ़ती एसोसिएशन दो फाड़ हो गई है।
प्रधान ने बुलाई बैठक, कहा- आढ़तियों में रोष : पिछले सप्ताह ही चुनाव में 30 वोट से विजयी हुए प्रधान कृष्ण मित्तल ने कहा कि 20 लोगों ने मिलकर दशकों पुराना भाईचारा खत्म कर दिया है। जब चुनाव हार गए तो नई एसोसिएशन का गठन कर लिया। लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया है। इस फैसले के दूरगामी परिणाम आएंगे। इससे मंडी में लेन-देन तक प्रभावित होगा। मंडी में कामकाज भी प्रभावित होगा। इस संबंध में सोमवार को मंडी में बैठक बुलाई गई है। जिसमें आढ़तियों द्वारा इस फैसले का विरोध किया जाएगा और पूरी मंडी उनके साथ हैं, जो लोकतंत्र में विश्वास रखते हैं। मैंने किसी को गलत शब्द नहीं बोले। यदि कोई विधायक का चुनाव हार जाए और विधायक न बने तो यह नहीं कह सकता है कि उसके लिए दूसरी विधानसभा बनाई जाए।