जाजनपुर में करीब 42 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया उद्घाटन
ढांड। हलका विधायक प्रो. दिनेश कौशिक की धर्म पत्नी संध्या कौशिक ने वीरवार को गांव जाजनपुर में करीब 42 लाख रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने गांव के शिव मंदिर से करनाल पेहवा रोड तक सड़क, अनुसूचित जाति की दो चौपाल व स्कूल के मेन गेट वाली गली का उद्घाटन किया। संध्या कौशिक ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा गरीबों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए चलाई गई आयुष्मान भारत बहुत बड़ी योजना है, जिसके तहत प्रत्येक वर्ष गरीब परिवारों को किसी भी प्रकार की बीमारी पर होने वाले पांच लाख रुपये तक के खर्च को सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से पूर्व की सरकारों ने हमेशा भेदभाव किया है और विकास के नाम पर केवल वोट बटोरने का काम किया है, लेकिन जब से प्रदेश की बागडोर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संभाली है तब से पूरे प्रदेश के साथ-साथ इस क्षेत्र में भी विकास कार्यों की झड़ी लगी हुई है। इस मौके पर सरपंच कृष श्योकंद, बी.डी.पी.ओ. सुरेंद्र शर्मा, देशराज, राय सिंह, मिया सिंह, कर्मबीर, गौरव, सुभाष, राजा राम, सतप्रकाश, अनिल, सतपाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।