महिलाओं ने श्रम विभाग के कार्यालय के सामने लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सिलाई मशीन न मिलने के विरोध में महिलाओं ने करनाल रोड पर स्थित श्रम विभाग के कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान श्रम विभाग के कार्यालय के सामने लंबा जाम लग गया। जाम लगने के कारण यहां पर दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। महिलाओं ने श्रम विभाग पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके जॉब कार्ड बनने के बावजूद भी उन्हें पिछले दो वर्षों में एक बार भी सिलाई मशीन नहीं मिली है। जिससे कई गांवों की महिलाओं में रोष है। महिलाओं द्वारा लगाया गया जाम करीब आधे घंटे तक जारी रहा। प्रदर्शनकारी शकुंतला मानस, रीटा, दर्शना, कमलेश, कमला, सुखविंद्र कौर, कमलेश, राजपती, शीला हाबड़ी, सुमन देवी ने बताया कि हरियाणा भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मगार कल्याण बोर्ड द्वारा हमारे जॉब कार्ड बनाए गए हैं। जॉब कार्ड बने हुए दो साल हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सिलाई मशीन लेने के लिए हम कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं। लेकिन अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन दिया जाता है। करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे वाहन चालकों के मानने के बाद महिलाएं सड़क से हटीं। उधर, महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्या का जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो वे बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होगीं।