सब्जी मंडी में जलभराव व कीचड़ से राहगीरों को परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बारिश होने के बाद सब्जी मंडी में जलभराव व कीचड़ के कारण राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कीचड़ होने के कारण यहां पर हालात ऐसे हो गए है कि यहां पर पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। दुकानदारों ने इस समस्य पर जिला प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान न करवाने का आरोप भी लगाया है। इसके साथ ही राहगीरों ने कहा कि सब्जी मंडी में उनका प्रतिदिन आना जाना होता है। लेकिन यहां पर फैले कीचड़ और जलभराव के कारण वे यहां आकर सब्जी भी नहीं खरीद सकते है। दुकानदार विशाल ने बताया कि सब्जी में मंडी से विभिन्न रास्तों की ओर जाने वाली सड़कों के बीचों बीच काफी गड्ढे बन चुके हैं। जिस कारण यहां पर बारिश होने के कारण जलभराव की स्थिति बन जाती है। यदि यहां पर बने गड्ढों का ही कोई समाधान हो जाए तो इस समस्या से भी काफी निजात मिल सकती है। वहीं राहगीर अमन ने बताया कि सब्जी मंडी में सफाई पर अधिक ध्यान नहीं दिया जाता है। जिस कारण यहां पर धूल व मिट्टी हर समय रहती है। सड़क पर धूल रहने के कारण बारिश होते ही यहां पर कीचड़ हो जाता है। इस पर भी प्रशासन का ध्यान देने की जरूरत है। वहीं इस समस्या पर नपा के मुख्य सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने बताया कि सब्जी मंडी में नियमित सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जो सुबह व शाम के समय रेगुलर सफाई करते हैं।
फोटो नंबर-10