स्कूली बच्चों के साथ बैठकर लिया मिड डे मील का आनंद
- गांव में सप्ताह बाद पहुंचे रॉकी मित्तल से बोले लोग, काफी हद तक कम हुआ नशे का कारोबार
- रॉकी मित्तल के पिछले सप्ताह किया था गांव का दौरा
फोटो संख्या-51 व 52
अमर उजाला ब्यूरो
गुहला-चीका। गांव खरकां में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नशे के कारोबार पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल स्टाफ की तरफ से नशे की रोकथाम के लिए बच्चों को जानकारियां दी गई। बच्चों द्वारा इस दौरान नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम को लेकर लघु नाटिका भी प्रस्तुत की गई। इस दौरान स्थिति का जायजा लेने गांव पहुंचे हरियाणा सरकार के एक और सुधार प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉकी मित्तल ने बच्चों से गांव में फैले नशे के कारोबार पर जानकारी हासिल की और बच्चों को नशा न करने व करने देने की शपथ भी दिलाई। मित्तल ने बच्चों के साथ टाट पर बैठकर मिड डे मील का भी जायजा लिया और दोपहर का भोजन भी किया।
बता दें कि रॉकी मित्तल ने एक सप्ताह बाद फिर गांव खरकां का दौरा किया। पूर्व में अमर उजाला द्वारा यहां नशा विरोधी मुहिम शुरू की जा चुकी है। पिछले सप्ताह मित्तल ने यहां पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया था। इसके बाद शनिवार को वे फिर गांव खरकां पहुंचे और लोगों से नशे को लेकर जानकारी हासिल की। इस दौरान मित्तल का लोगों ने आभार जताया और कहा कि नशा रोकने में 50 प्रतिशत से ज्यादा सफलता प्राप्त हुई है। कार्यक्रम के पश्चात स्कूल की एक बेटी को जिलास्तर पर जूडो प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने पर सम्मानित किया गया। इसके साथ-साथ अन्य गणमान्यों को भी सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा, खंड शिक्षा अधिकारी सीवन सुदर्शन शर्मा, राष्ट्रीय जन शक्ति मंच के संस्थापक डाक्टर सुरेंद्र सिंगला, प्रदेशाध्यक्ष सुखचैन सिंह थिंड, समाजसेवी सतीश सेगा, स्कूल प्रिंसीपल सतबीर सिहं, प्रधानाचार्य सुरेश गुलशन, राजपाल पूनियां, प्रेम कुमार भल्ला, हवा सिंह, रोशन लाल, गणित प्रवक्ता रीटा सिंह, अंग्रेज नरसी सहित सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहेे।
इसके बाद रॉकी मित्तल ने अनाज मंडी में खाद खरीदने के लिए लाइन में लगे किसानों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने चीका मंडी के यूरिया खाद विक्रेता महिन्द्र सिंह से भी यूरिया की मांग पर जानकारी ली। किसान सुरेन्द्र, अंग्रेज सिंह, बाबू, देविन्द्र सिंह, हरिकिशन, नेक सिंह, नक्षत्र सिंह, शमशेर सिंह आदि ने बताया कि सरकार को खाद का पहले ही बड़ा स्टाक रखना चाहिए ताकि जरूरत के समय किसानों को समय पर खाद मुहैय्या करवाई जा सके।