जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के सवाल को फिर डॉक्टरों की कमी बताकर टाल गए स्वास्थ्य मंत्री
कहा-पूरे देश में 1000 लोगों पर एक डॉक्टर चाहिए, अभी हम 1800 तक पहुंचे हैं
डॉक्टरों की कमी से सभी जगह दिक्कत है
कैथल। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा के सवाल को एक बार फिर से रेडियोलॉजिस्ट की कमी बताकर टाल गए। साथ ही तर्क दिया कि पूरे देश में 1000 लोगों पर एक डॉक्टर चाहिए। हम अभी तक 1800 लोगों पर एक डॉक्टर की स्थिति पर पहुंचे हैं। डॉक्टरों की कमी से पूरे देश में समस्या है। इसी कारण यहां अल्ट्रासाउंड मशीन जितनी चाहिए दे देेंगे, लेकिन चलाने वाला नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ट्रेनिंग प्राप्त डॉक्टरों पर अल्ट्रासाउंड करने पर बैन लगा है। विज लघु सचिवालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज बनाने की नीति के तहत कैथल में मेडिकल कॉलेज बनाने के सवाल पर विज ने कहा कि 4 जिलों गुरुग्राम, भिवानी, जींद व महेंद्रगढ़ के नारनौल में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं। बाकी जगह भी शीघ्र ही इनका निर्माण किया जाएगा।
अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रदेश के अस्पतालों का दौरा करने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाएं आंकड़ों में पता चलती हैं कि ठीक हुई या नहीं। दिल्ली में एक हजार मोहल्ला क्लीनिक खोले जाने थे, लेकिन 100 भी नहीं खोल पाए। एक भी नया अस्पताल नहीं बना। हरियाणा में कई अस्पताल बनें। जिसका परिणाम है कि आज शिशु मृत्यु दर 41 थी तथा देश की शिशु मृत्यु दर 40 थी, जो वर्तमान में घटकर 33 रह गई है। इसी प्रकार मातृ मृत्युदर भी साढ़े 4 वर्ष पूर्व 125 थी, जो कम होकर 101 रह गई है। प्रदेश का लिंगानुपात भी 832 से बढ़कर 900 के पार पहुंचा है। 945 डॉक्टरों की भर्ती की गई है तथा भविष्य में भी भर्ती की जाएगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना में नक्शे पास करवाने की शर्त से लोगों को हो रही परेशानी के संदर्भ में पूछे गए प्रश्न के जवाब में कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं इस योजना की निगरानी कर रहे हैं तथा सरकार द्वारा हर समस्या का समाधान किया जाएगा। नगर निगम चुनावों में भारतीय जनता पार्टी सभी पांचों निगमों में विजय हासिल करेगी। विपक्षी दलों को अभी उम्मीदवार भी नहीं मिल रहे। 5 राज्यों में संपन्न हुए चुनावों से संबंध में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने राफेल को लेकर झूठ बोला। जो सुप्रीम कोर्ट द्वारा उनकी सभी याचिकाओं को रद्द करने के बाद सामने आ चुका है। इन चुनावों में केवल ईवीएम की जीत हुई है। इस बार ईवीएम पर कोई आरोप नहीं लगा।
इस अवसर पर गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर, डीसी धर्मवीर सिंह, एसपी वसीम अकरम, एडीसी सतबीर सिंह कुंडु, एसडीएम कमलप्रीत कौर, संजय कुमार, नगराधीश विजेंद्र हुड्डा, जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, कैथल मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजपाल तंवर, डीएसपी रामकुमार व तरूण सैनी, बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता बीएस रंगा, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता सुभाष भंभू, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता रवि शंकर मि॔ाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी कंवर दमन सिंह, शैली मुंजाल, वीरेंद्र छौत, श्याम सुंदर बंसल, मुखत्यार साकरा, पूर्व विधायक बनारसी, कुमारी संगीता सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी एवं मनोनित सदस्य मौजूद रहे।