शिविर में बताई कानून की बारीकियां
कैथल। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मानस गांव स्थित ग्राम सचिवालय में विशेष कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दानिश गुप्ता ने ग्रामीणों को प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही मुफ्त कानूनी सहायता तथा अन्य सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। न्यायाधीश दानिश गुप्ता ने ग्रामीणों को प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही मुफ्त कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा 3 लाख रुपये सालाना आय के व्यक्तियों के अतिरिक्त महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों, औद्योगिक श्रमिकों, आपदा पीड़ितों, दिव्यांग व्यक्तियों, अवैध मानव व्यापार के शिकार लोगों के लिए मुफ्त कानूनी सहायता का प्रावधान किया गया है। आम जन की सुविधा हेतू हेल्प लाइन शुरू की गई है। इस शिविर में पैनल अधिवक्ता कृष्ण कुमार ढुल सहित ग्रामीण मौजूद रहे।