घर व कार्यालय में हमला कर तोडफ़ोड़ के मामले में पुलिस दो दिन बाद भी खाली हाथ
चार जगह छापेमारी का दावा, पकड़ में नहीं आए हमलावर
पुलिस ने एक दिन बाद दर्ज किया था मामला
परिजनों ने कहा-यदि कोई कार्रवाई नहीं हुई तो मजबूरन फिर मिलेंगे एसपी महोदया से
कैथल। ऋषि नगर में बच्चों के झगड़े के बाद एक घर व टेंट हाउस कार्यालय में तोडफ़ोड़ के मामले में पुलिस दो दिन बाद भी खाली हाथ है। कहने को पुलिस द्वारा 4 जगह रेड की गई है। लेकिन पकड़ में कोई नहीं आया।
विदित रहे कि ऋषि नगर में बच्चों के झगड़े के बाद एक पक्ष के युवकों ने 30 से 40 युवकों को बुलाकर एक घर में हमला कर दिया था। साथ ही एक टेंट हाउस के कार्यालय में जमकर तोडफ़ोड़ की थी। इस मामले में परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने एसपी के निर्देश पर एक दिन बाद केस दर्ज किया था। पीड़ित दीपू ने बताया कि अभी तक उन्हें इस हमले में किसी की गिरफ्तारी की जानकारी नहीं है। यदि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूरन उन्हें फिर से एसपी महोदया से मिलना पड़ेगा।
वहीं कार्यकारी एसएचओ रामकुमार ने कहा कि 4 जगह रेड की गई। लेकिन युवक हाथ नहीं लगे। पुलिस छापेमार कार्रवाई कर रही है। शीघ्र ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।