अध्यापक ने किया दुर्व्यवहार, कक्षाएं छोड़कर सड़क पर उतरी छात्राएं
अमर उजाला ब्यूरो
कलायत। गांव कौलेखां ढुंडवा के सरकारी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्रा से किए गए दुर्व्यवहार को लेकर स्कूल की छात्राएं कक्षाओं को छोड़ कर सड़क पर आ बैठीं। मामले की सूचना मिलते ही खंड शिक्षा अधिकारी महेश कुमार मौके पर पहुंचे व छात्राओं तथा अभिभावकों को समझा कर रास्ता खुलवाया। उन्होंने भरोसा दिया कि छात्राओं की मांग को पूरा किया जाएगा।
रमेश कुमार, संतोष, सोमवति, प्रकाशो, अनिता, पतासो अभिभावकों का कहना है कि एक अध्यापक ने छात्रा के साथ दुर्व्यवहार किया। जिसकी शिकायत स्कूल के मुखिया से की गई, पर चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। चार दिनों में छात्रा को न्याय मिलना तो दूर बल्कि मामले को दूसरा ही रूप दे दिया गया। न्याय न मिलने पर आहत छात्राएं बुधवार को कक्षाओं का बहिष्कार कर मार्ग पर पड़ाव डाल लिया। साथ में पहुंचे अभिभावकों का कहना था जो अध्यापक संस्कारों के साथ बच्चों को बेहतरीन पढ़ाई करवाते हैं उन्हें विवाद का नाम देकर उठाया जा रहा है। जबकि शिक्षा के नाम पर बेटियों के साथ भद्दा मजाक करने वाले अध्यापक को बचाया जा रहा है। छात्राओं ने साफ तौर पर कहा कि यदि आरोपी अध्यापक को स्कूल से हटाया नहीं गया तो वे स्कूल का बहिष्कार कर देंगी। अभिभावकों का कहना था कि आरोपी शिक्षक की कार्यप्रणाली पहले ही विवादित रही है। जिसके तहत उसे इस स्कूल से बदल दिया गया था, पर अपने रसूख का फायदा उठा कर वह वापस इसी स्कूल में आ गया। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटियों को न्याय नहीं मिला तो वे स्कूल के गेट को ताला लगा देंगे।
सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गया था। छात्राओं व अभिभावकों से बात कर मामले को निपटाया गया।
महेश चंद्र, बीईओ
गांव कौलेखां ढुंडवा सरकारी स्कूल की घटना
फोटो नंबर-33