रस्साकसी में गांव कुराड़ के छोरा-छोरियों ने मारी बाजी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव खानपुर के जिला खेल स्टेडियम में खेल महाकुंभ मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन अवसर पर एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह ने विजेता रहे खिलाड़ियों को पदक व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। जिला स्तर पर अव्वल रहने वाले विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
खेल महाकुंभ के अंतिम दिन लड़कों की सर्कल कबड्डी, रस्साकसी, फुटबॉल, स्विमिंग व टेबल टेनिस के मुकाबले हुए। स्विमिंग में लड़कों में आरकेएसडी व लड़कियों में सिल्वर ऑक स्कूल टीम प्रथम रही। एडीसी ने कहा कि खेल महाकुंभ में प्रथम आने वाली टीम के हर खिलाड़ी को 1500 रुपये, द्वितीय को एक हजार व तृतीय को 750 रुपये दिए जाएंगे। प्रथम रहने वाले एकल खिलाड़ियों को 2000, द्वितीय को 1500 व तृतीय को एक हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जा रहा है। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी गंगा दत्त यादव, कबड्डी कोच जसवंत, गुरमीत सिंह, चेतन शर्मा, पवन सहित अन्य मौजूद रहे।
खेल महाकुंभ के अंतिम दिन की प्रतियोगिता में सर्कल कबड्डी लड़के ओपन में गांव सौंगल प्रथम, गांव देबन द्वितीय, लड़कों की रस्साकसी में गांव कुराड़ प्रथम व ट्योंठा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार से लड़कियों की प्रतियोगिता में गांव कुराड ने पहला व पट्टी अफगान ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। लडक़ों की फुटबॉल में गांव मोहना ने पहला व गांव फतेहपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों की स्विमिंग में सिल्वर ऑक स्कूल प्रथम व जाट स्कूल द्वितीय रहा। लडक़ों की स्विमिंग में आरकेएसडी स्कूल ने पहला व सिल्वर ऑक स्कूल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय खेल महाकुंभ का समापन, करीब चार हजार खिलाड़ियों ने लिया भाग
फोटो नंबर-35