बीसीए छात्र ने तीन प्रोफेसर पर लगाया मारपीट का आरोप
डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय कॉलेज का मामला
- प्रिंसिपल बोले- छात्र को डांटा गया, न कि मारपीट की गई
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय कालेज में बीसीए अंतिम वर्ष के एक छात्र ने कॉलेज के तीन प्रोफेसरों पर मारपीट का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र ने मेडिकल करवाने के बाद कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस में भी शिकायत देने की बात कही है। वहीं कॉलेज प्रशासन का कहना है कि छात्र कॉलेज में कान पर ईयर फोन लगाकर मोबाइल पर बात कर रहा था। उसे डांटा गया था न की मारपीट की गई।
छात्र गौरव ने आरोप लगाया कि वह कॉलेज में रोजाना की तरह गया था। उसके फोन का माइक खराब है। इस कारण वह ईयर फोन लगाकर बात कर रहा था। एक टीचर ने इस बात को लेकर उससे मारपीट की। बाद में कुछ दूसरे टीचरों ने भी मिलकर पीटा। प्रिंसिपल कार्यालय तक उसे घसीटते हुए ले जाया गया। उसकी सुनवाई करने की बजाए पुलिस बुलाकर मामला दबाना चाहा। अब उसने सिविल अस्पताल पहुंचकर मेडिकल करवाया है। छात्र के पिता ने कहा कि उसके बेटे के साथ गलत हुआ है।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. ऋषिपाल बेदी ने कहा कि छात्र ईयर फोन लगाकर मोबाइल पर बात कर रहा था। जब टीचर ने उसे इस पर टोका तो उसने गलत व्यवहार किया। बाद में परिजनों को बुलाकर छात्र को समझा दिया था।