नगर परिषद कर्मचारियों ने उल्टे झाड़ू लेकर किया प्रदर्शन
सरकार की वादा खिलाफी से हताश हैं कर्मचारी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। नगरपालिका कर्मचारी संघ के अह्वान पर नगर परिषद कर्मचारियों ने वीरवार को उल्टे झाड़ू लेकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में सफाई, फायर, माली, सिक्योरिटी गार्ड व कार्यालय के सभी अन्य कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शन की अध्यक्षता संघ के ब्लाक प्रधान रामशरण कल्याण ने की। मंच संचालन रामेश्वर गिल व देवराज ने किया।
राज्य उप महा सचिव शिवचरण व ब्लाक के उप प्रधान राजेंद्र टांक ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा ने सत्ता में आने के बाद सबका साथ सबका विकास का नारा देकर विभिन्न नीतियां बनाई थी। लेकिन तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी सरकार ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। जिससे कर्मचारी काफी हताश हैं। बेरोजगारी व महंगाई बढ़ने के कारण मेहनत कश और आम जनता के जीवन यापन पर गहरा असर हुआ है। जब तक सरकार अपने संकल्प पत्रों में किए गए वादों को पूरा नहीं करती तब तक वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे। वे अपनी मांगों के समर्थन में 12 से 14 जुलाई तक लगातार तीन दिन तक हड़ताल करेंगे। इस मौके पर जगदीश, कृपाल सिह, लक्की, अमित, गोबिंद सैनी, विक्की टांक, संदीप, सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
यह है मांगे:-
नगर परिषद की कर्मचारियों की मुख्य मांगों में समान काम समान वेतन को लागू करने, पंजाब के समान वेतन देने, सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए झाडू़ भत्ता देने, कच्चे कर्मचारियों ईपीएफ व ईएसआई का लाभ देने, कच्चे कर्मचारियों की छटनी पर रोक लगाने व सातवें पे कमीशन के तहत पे देने की मांग की।