बारिश क ी फुहारों संग लोगों ने मनाया जश्न
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। भारतीय क्रिकेट टीम अंडर-19 में चुने गए अशोक संधू का सोमवार को गांव के लोगों ने बस अड्डे पर जोरदार अभिनंदन किया। बाद में बरसात की फुहारों के बीच खुली जीप में सवार करके शहर में विजयी जुलूस निकाला। बाद में गांव देवीगढ़ पहुंचने पर लोगों ने अशोक को फूल मालाओं से लाद दिया। शाम के समय इंडस स्कूल में इंडस क्रिकेट अकादमी में उसका अभिनंदन किया गया।
गांव देवीगढ़ के वीएलडीए सतपाल के पुत्र अशोक संधू का भारतीय क्रिकेट टीम-अंडर 19 में चयन हुआ है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे वह बस अड्डे पर कैथल पहुंचा। वहां ढोल नगाड़ों से उसका स्वागत किया गया। उसे करनाल रोड से, पिहोवा चौक से होते हुए गांव देवीगढ़ ले जाया गया जहां अशोक ने बढ़े बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। गांव में दादा खेड़े पर पूजा-अर्चना के बाद वह घर पहुंचा। जहां उसके परिजनों ने अपने लाडले को गले लगा लिया। इस अवसर पर सरपंच गुलाब सिंह, अशोक के पिता सतपाल सिंह, अंकुर, सुरजनदास, धूप सिंह, बिट्टू, काला, विजय, राजवी, गोबिंद, नरेंद्र, प्रेम सिंह, राकेश, रोहत व रजत सहित अन्य साथी भी मौजूद थे।
इंडस स्कूल में जोरदार अभिनंदन
शाम को इंडस स्कूल में इंडस क्रिकेट अकादमी में अशेाक का जोरदार अभिनंदन किया गया। यहां जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विजय गोयल, एडवोकेट दिनेश पाठक, दीपक धीमान, सोनू सेठ, अभिषेक सहारण, उसके कोच सुनील लोहान, विकास व पवन, सहित खिलाड़ियों राकेश शर्मा, कर्मबीर सिंह, सतीश, शमशेर, मनदीप चहल सहित अन्य ने उसका स्वागत किया। सचिव विजय गोयल ने कहा कि अशोक ने अपनी प्रतिभा के बल पर कैथल का नाम रोशन किया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वह एक दिन भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा होगा।
अशोक संधू ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता सहित कोच को दिया। उसने कहा कि उसका सपना अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलना और उसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनना है। जिसके लिए वह जी-जान से मेहतन में जुटा है।