कैथल। सांघन गांव में पंजाब रोडवेज की तेज रफ्तार बस ने पैदल स्कूल की ओर जा रही सात वर्षीय बच्ची को टक्कर मार दी। इस हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घाघल हो गई। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
जहां से चिकित्सकों ने उसे करनाल के कल्पना चावला अस्पताल रैफर कर दिया। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सांघन गांव निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पड़ोसी शेर सिंह की सबसे छोटी बेटी छोटी की शादी पंजाब के गांव अरनो में हुई थी, लेकिन करीब 3-4 साल पहले उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी।
इसके बाद वह अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। नरेश ने बताया कि 14 अप्रैल को छोटी अपने बच्चों के साथ सांघन गांव आई थी। 15 अप्रैल की सुबह वह किसी काम से शिव शिक्षा निकेतन स्कूल की ओर जा रहा था। उसी दौरान उसकी भांजी नूर (7) भी स्कूल की तरफ पैदल जा रही थी। इस दौरान नंद सिंह वाला की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार पंजाब रोडवेज की बस ने बच्ची को सीधी टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बच्ची सड़क किनारे गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत वाहन की व्यवस्था कर बच्ची को सरकारी अस्पताल कैथल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल रेफर कर दिया। एंबुलेंस के जरिए बच्ची को करनाल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। नरेश कुमार ने बताया कि बस चालक की पहचान बलजीत सिंह के रूप में हुई हैं। संवाद