संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। युवती को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर आरोपी मां-बेटा ने उससे छह लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
मायापुरी कॉलोनी निवासी सीमा ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दी कि वह ऑस्ट्रेलिया जाना चाहती थी। इस बारे में उसे पड़ोस की ही बाला देवी ने बताया कि उसका लड़का संजय विदेशों में भेजने का काम करता है। बाला देवी ने उसे व उसके परिवार वालों को पूरा आश्वासन दिया और सितंबर 2022 में उससे पासपोर्ट व अन्य जरूरी दस्तावेज ले लिए। 15 जनवरी 2023 तक आरोपियों ने उससे छह लाख 20 हजार रुपये ले लिए और उसे वीजा दे दिया। जब उसने वीजा की जांच पड़ताल करवाई तो पता चला कि वह नकली है। अब आरोपी न तो उसके दस्तावेज व रुपये वापस दे रहे हैं और न ही उसे विदेश भेज रहे हैं। ऐसा करके आरोपियों ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। जांच अधिकारी संजय ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।