राजौंद/पूंडरी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को राजौंद व पूंडरी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर काम के आधार पर भाजपा प्रत्याशी नायब सैनी के लिए वोट मांगे। सीएम का भाषण राष्ट्रवाद व भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर केंद्रित रहा। उन्होंने हरियाणा में अगली सरकार में 14000 तालाबों के जीर्णोद्धार की नई घोषणा का एलान किया। साथ ही कांग्रेस सहित देश के पहले पीएम जवाहर लाल नेहरू पर भी निशाना साधा।
उन्होंने राजौंद में गुगामाड़ी परिसर में आयोजित विजय संकल्प रैली में मोदी-मोदी के नारे से अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि आज पूरे देश में एक ही माहौल है कि आएगा तो मोदी ही। इसलिए किसी के बहकावे में न आकर अपनी मर्जी की सरकार चुनें। आप कांग्रेस व भाजपा सरकार के कामों की तुलना करते हुए वोट करें। भाजपा ने किस तरह से देश हित में काम किया है। पूरे देश में मोदी को लेकर जो माहौल बना है, उसे प्रदेश में 11 दिन तक बनाए रखें। इसके लिए जरूरी है कि 12 मई के दिन बूथ पर जाकर वोट डालें। उन्होंने देश को मजबूत राष्ट्र बनाने, मजबूत सेना बनाने, किसानों की आय बढ़ाने, सभी को पक्के घर देने, हर व्यक्ति को गैस सिलिंडर देने जैसी योजनाएं गिनवाईं। कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र की आलोचना करते हुए सीएम ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता है कि देशद्रोही कानून को खत्म करेंगे, कमजोर करेंगे, कश्मीर में जहां हजारों बच्चे कुर्बान हो चुके हैं, वहां सेना के लिए कानून हटाएंगे। कांग्रेस ने एलान किया है कि अनुच्छेद 370 नहीं हटने देंगे, जबकि हमारा एलान है कि अनुच्छेद 370 को हटा कर रहेेंगे। पूर्व पीएम जवाहर लाल नेहरू को एक रियासत जम्मू एवं कश्मीर दी थी। जिसे वे पूरी तरह से भारत में विलय नहीं कर पाए।
सीएम ने अगली सरकार में हरियाणा में 14000 तालाबों के जीर्णोद्धार का एलान करते हुए कहा कि इनकी रिटर्निंग वाल, निकासी के लिए डीजल इंजन, हर साल पानी बदलने व नहर पानी से उसे भरने का काम किया जाएगा। सीएम ने इस दौरान नारा लगाया कि मई 12-भाजपा दोबारा। 23 मई, कांग्रेस गई।
सबसे बड़ा प्रचारक आपके सामने तो है : जब पत्रकारों ने सीएम से पूछा कि प्रदेश में कौन से बड़े प्रचारक आएंगे तो उन्होंने कहा कि प्रदेश का सबसे बड़ा प्रचारक आपके सामने तो है। इस पर फिर पूछा गया कि केंद्र से कौन से स्टार प्रचारक आ रहे हैं तो सीएम ने कहा कि पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह सहित कई नेता हरियाणा में रैलियों को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी के रोड शो के सवाल पर सीएम ने कहा कि जीटी रोड पर बसों, गाड़ियों का रोड शो है। रोड शो तो हमारे थे, जो जनता के बीच में थे।