कैथल के आर्य समाज का हिंदी आंदोलन व स्वतंत्रता संग्राम में अहम योगदान : आचार्य देवव्रत
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने लिया जिले में रविवार को कई कार्यक्रमों में भाग
फोटो संख्या-39
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने रविवार को जिले में कई कार्यक्रमों में शिरकत की। आर्य समाज मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य ने कहा कि आर्य समाज में राष्ट्रहित से जुड़े सभी आंदोलनों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कैथल जिला के आर्य समाज का भी हिंदी आंदोलन तथा स्वतंत्रता संग्राम में पूरा योगदान रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे हर प्रकार के नशे को छोड़कर आर्य समाज की ओर लौटें तथा सभ्य एवं सुसंस्कृत समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
राज्यपाल आर्य समाज मंदिर में कैथल शाखा द्वारा आयोजित सत्संग भवन उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने इस परिसर में लगभग 30 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सत्संग भवन का उद्घाटन किया तथा शाखा को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की भी घोषणा की।
उधर, ढांड में दिया जीरो बजट प्राकृतिक खेती एवं नशामुक्ति पर प्रशिक्षण
फोटो संख्या-20
ढांड। राज्यपाल आचार्य देवव्रत स्थानीय अनंत राम फार्म पर हरिओम सेवा समिति ढांड द्वारा जीरो बजट प्राकृतिक खेती एवं नशा मुक्ति विषय पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कई किसान रासायनिक खेती से जहर युक्त खाद्यान उत्पन्न कर रहे हैं। रासायनिक खादों व कीटनाशकों के अंधाधुंध प्रयोग से कई गंभीर बीमारियां फैल रही हैं और भूमि भी बंजर हो रही है। उन्होंने कहा कि शून्य लागत प्राकृतिक खेती अपनाकर हम इन सभी समस्याओं पर नियंत्रण पा सकते हैं। इस अवसर पर राज्यपाल के एडीसी मेजर रोहन मुंशी, जयंत, जितेंद्र पंवार, जंगशेर, पवन गर्ग, मुकेश धीमान, पंडित कविराज, निर्मल दहिया, पवन कसाना, अमर राविश, सुबे सिंह राविश आदि मौजूद रहे।
डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि राज्यपाल आचार्य देवव्रत 4 मार्च को दोपहर बाद साढ़े 3 बजे सेरधा गांव में सामान्य चौपाल में आयोजित किए जाने वाले प्राकृतिक खेती एवं नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।