अभी तक नहीं सूखा बारिश का पानी
किसान बेहाल, सर्वे को नहीं पहुंच रहे कर्मचारी
फोटो संख्या-30
अमर उजाला ब्यूरो
राजौंद। बरसात के बाद अभी तक फसलों से पानी नही सूख रहा और न ही बीमा कंपनी द्वारा कोई सर्वे किया जा रहा। जिसे लेकर किसानों में भारी रोष है। किसानों ने बताया कि बैंक में उनके किसान क्रेडिट खातों से बिना बताए बीमा राशि की किस्त हर फसल पर काट ली जाती है। लेकिन जब किसानों की फसल की सर्वे की बात आती है तो बीमा कंपनी का कोई भी अधिकारी सर्वे के लिए आज तक भी नही पहुंचा। किसान धनश्याम राणा, श्याम सिंह, केहर सिंह, तेजपाल, अबे राणा, राजेंद्र राणा, सुखदेव सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हुई बरसात से अभी तक भी उनकी फसल पानी में डूबी हुई है। लेकिन बीमा कंपनी की टीम अभी तक सर्वे के लिए नही आई है। उधर कृषि विभाग के ए डी ओ संजीव शर्मा ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों का सर्वे बीमा कंपनी नहीं मानती जब तक बीमा कंपनी के कर्मचारी कृषि विभाग के सर्वे टीम के साथ नही होंगे तब तक उनके सर्वे करने का कोई महत्व नही है। उन्होंने बताया कि बीमा कंपनी का स्टाफ बहुत कम है यह ब्लाक व खंड स्तर पर सर्वे के लिए बीमा कंपनी को टीम का गठन करके किसानों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
किसान सुखदेव ने बताया कि उसकी 15 एकड़ धान की फसल में आज भी एक व दो फुट पानी भरा हुआ है। अब धान की फसल जमीन में गिरने से पूरी तरह नष्ट हो चुकी है और बदबू आने लगी है ऐसे में बीमा कंपनी का कोई भी कर्मचारी अभी तक सर्वे के लिए नहीं आया।