विकास कार्यों के निरीक्षण में खामी पर लगाई फटकार, ईंटें खरीदने वाले पर कार्रवाई के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। डीसी सुनीता वर्मा ने जिला के कैलरम एवं पट्टी कौथ गांवों में मनरेगा के तहत करवाए जा रहे विकास कार्यों, मिड डे मील का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता की जांच की। गांव पट्टी खौथ में विद्यालय में सर्व शिक्षा अभियान के तहत निर्माणाधीन 3 कमरों का निरीक्षण किया। यहां प्रयोग की जा रही ईंटों को लेकर डीसी ने अधिकारियों को फटकार लगाई और कहा कि ये ईंटें तुरंत बदली जाएं। इनके स्थान पर अच्छी गुणवत्ता की ईंटें प्रयोग की जाएं। साथ ही ऐसी ईंटों को खरीदने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। उन्होंने विद्यालय की 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों से अंग्रेजी व अन्य विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर शिक्षा की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने इसके बाद गांव में मनरेगा के तहत 18 लाख रुपये से अधिक की धनराशि से की जा रही तालाब की खुदाई का भी जायजा लिया। तालाब की खुदाई में लगाए गए सभी 32 मनरेगा मजदूर मौके पर उपस्थित मिले। उन्होंने मौके पर उपस्थित कनिष्ठ अभियंता जयवीर सिंह को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि वे मनरेगा के तहत किए जाने वाले विकास कार्यों को बढ़ावा दें।
एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ डीसी सुनीता वर्मा ने गांव कैलरम में मनरेगा से 34 लाख रुपये से अधिक की धनराशि से विकसित किए जा रहे हर्बल पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने इस पार्क में प्रयोग की जा रही ईंटों को तुरंत बदलने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता की ईंटों का प्रयोग विकास कार्यों में किया जाए। उन्होंने पार्क में बनाए गई पगडंडी का भी निरीक्षण किया। मनरेगा के तहत कार्य पर लगे सभी मजदूर मौके पर उपस्थित रहे। इसके उपरांत उन्होंने मिड डे मिल की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों को मिड डे मिल बनाते समय विशेष साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को शुद्ध खाना उपलब्ध करवाया जा सके।
डीसी ने कहा कि निरीक्षण में ईंटों की गुणवत्ता खराब पाई गई। जिसे बदलने के लिए कहा गया है। अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह से समझौता ना करें। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिंह सिरोही, अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय के मनरेगा प्रभारी गुरनाम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व ग्रामीण मौजूद रहे।
सुबह-सवेरे कैलरम और पट्टी खौथ गांवों में पहुंची डीसी, मनरेगा के तहत चल रहे विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया
फोटो संख्या-15 व 16