सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों की होगी सुरक्षा की जांच
डीजीपी ने दिए सभी एसपी को आदेश
कहा-स्कूलों में दौरा कर डीएसपी स्तर के अधिकारी जांचेंगे सुरक्षा
अभिभावकों से भी अपील, बच्चों की सुरक्षा का ख्याल रखें
लापरवाही स्कूल संचालकों के खिलाफ होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा में निजी व सरकारी स्कूलों में यदि बच्चों की सुरक्षा संबंधी कोई लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की टीमें अगले दस दिनों में सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में सुरक्षा की जांच करेंगे। यह जानकारी हरियाणा के डीजीपी बीएस संधू ने कैथल में मीडिया से बातचीत में दी।
स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा संबंधी प्रश्न पर डीजीपी ने कहा कि प्रदेश में गुड़गांव, पंचकूला, पानीपत सहित कुछ अन्य जिलों में दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुई हैं। जिसमें मासूम बच्चे की हत्या, दुष्कर्म की वारदात सामने आई हैं। ये घटनाएं दुखद हैं। भविष्य में इस तरह की वारदातें न हों, इसके लिए हरियाणा पुलिस द्वारा स्कूलों में सुरक्षा संबंधी एक रिपोर्ट तैयार की है। इसके लिए सभी जिलों के एसपी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अगले 10 दिनों तक स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित जांच करें। पुलिस अधिकारी 10 दिनों में सभी स्कूलों का दौरा करेंगे। वहां वे सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी जुटाएंगे। साथ ही यदि कोई खामी है, तो उसे दूर करने के लिए कहा जाएगा। यदि कोई कानूनी रूप से कुछ गलत करते हुए पाया जाता है, चाहे वह कोई भी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्कूल संचालकों को बच्चों को सुरक्षा संबंधी सभी उपाय करने होंगे। इसके लिए सरकार द्वारा भी निर्देश जारी किए जा रहे हैं।
अभिभावकों से अपील : डीजीपी ने हरियाणा के लोगों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा संबंधी मामलों में गंभीरता दिखाएं। वे बच्चों को समझाएं। यदि कुछ गलत होता नजर आ रहा है तो पुलिस को सूचित करें। स्कूलों में सुरक्षा संबंधी पूरी जानकारी हासिल करें। यदि वे पुलिस को कोई सुझाव देना चाहते हैं तो उनका स्वागत है। बच्चों की सुरक्षा के प्रति जागरूक हों।