जादू शो के माध्यम से दिए सामाजिकता के संदेश
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा सरकार द्वारा स्वर्ण जयंती उत्सव वर्ष के तहत आरकेएसडी कॉलेज में तीन दिनों से जारी जादू के शो के मायम से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, नेत्रदान, एड्स से बचाव तथा हर प्रकार के नशों से दूर रहने का संदेश दिया गया। एडीसी केप्टन शक्ति सिंह ने सायं कालीन आखिरी जादू शो का दीप प्रज्ज्वलन से शुभारंभ किया। उन्होंने जादूगर सम्राट शंकर तथा पूरी टीम द्वारा दर्शकों के मनोरंजन के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर दिए गए प्रभावी संदेश के लिए प्रशंसा की। जादूगर सम्राट शंकर ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
जादूगर शंकर ने शो की शुरूआत प्रसिद्ध शो वॉटर आफ इंडिया से की, जिसमें एक लोटे से उन्होंने बार-बार पानी निकाला। उन्होंने इसी शो के दौरान वॉटर आफ कैथल का प्रदर्शन करते हुए लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया। जल संरक्षण से ही जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने टविस्टिंग ए लेडी शो के माध्यम से एक बाक्स में लड़की को बंद करके उसकी गर्दन को 360 डिग्री पर घुमाया। सस्पेंशिया शो के माध्यम से उन्होंने एक लड़की को एक पीलर पर 45 डिग्री तथा 90 डिग्री पर बगैर किसी सहारे के लिटाया तथा बाद में 90 डिग्री पर इस लड़की को पिलर के ऊपर घुमाकर भी दिखाया। एलुजन ऑफ अमेरिका शो के माध्यम से जादूगर सम्राट शंकर ने लड़की को स्टेज से गायब करके सभी दर्शकों को हैरान कर दिया तथा सभी दर्शक तालियां बजाने पर मजबूर दिखाई दिए। इस अवसर पर नरेंद्र गौड़, राकेश कुमार, राजा, पवन तथा सीनियर व जूनियर जादूगर सम्राट शंकर के अलावा उनकी टीम के अन्य सदस्य तथा जिला के गणमान्य दर्शक मौजूद रहे।