‘मलिक जाटों के हितैषी तो अन्ना की तरह सरकार के खिलाफ धरने पर बैठें’
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति के आह्वान पर बैनीवाल गुट की एक बैठक वीरवार को हनुमान वाटिका में हुई। बैठक में देवबन कैंची चौक पर दिए गए धरने में एकत्रित की हुई राशि को दूसरी समिति के पदाधिकारियों द्वारा हड़पे जाने पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कुड़ा राम कोयल ने की।
जाट आरक्षण संघर्ष समिति प्रदेश कार्यकारी कमेटी के सदस्य भरत सिंह बैनीवाल व जिला प्रधान जोगिंद्र कसान ने कहा कि हड़पी गई बकाया राशि के पाई-पाई का हिसाब आरोपियों से लिया जाएगा। जो पैसा समाज ने आंदोलन के लिए दिया है, वह जिले का पैसा जिले में तब तक रहना चाहिए, जब तक समाज को प्रदेश व केंद्र में आरक्षण नहीं मिल जाता। समाज ने यह पैसा किसी होटल, रेस्टोरेंट व कोचिंग सेंटर के लिए नहीं दिया था। बैनीवाल व कसान ने बताया कि अगर यशपाल मलिक 8 मार्च को भाजपा सरकार के साथ समझौता नहीं करते तो समाज आरक्षण से वंचित नहीं रहता। जेलों में बंद व मुकदमे भुगत रहे युवा बरी हो जाते। उन्होंने कहा कि जब यशपाल मलिक का देशद्रोह का मुकद्दमा खारिज हो सकता है, तो समाज के 32 हजार लोगों पर बनाए गए झूठे मुकदमे क्यों रद नहीं हो सकते।
दलबीर सिंह ढुल व पूर्व सरपंच साधूराम प्यौदा ने बताया कि गत 29 जनवरी से 22 मार्च तक चले आंदोलन के दौरान यशपाल मलिक ने दिल्ली रैली में हरियाणा के जाटों को विश्वास दिलाया था कि जब तकआरक्षण नहीं मिल जाता यूपी के चुनावों में बीजेपी का सुपड़ा साफ कर दिया जाएगा और आरक्षण न मिलने तक धरना जारी रहेगा। लेकिन वे अपनी किसी भी बात पर खरे नहीं उतरे। मलिक जहां भी जाएंगे उनसे चंदे और सरकार के साथ किए समझौते का हिसाब मांगा जाएगा। यशपाल मलिक हरियाणा के जाटों के हितैषी हैं तो सरकार की वादा खिलाफी के विरुद्ध अन्ना की तरह जंतर-मंतर पर अनशन पर बैठ जाएं। लेकिन उनकी पोल खुल चुकी है, लोग उनके झांसे में नहीं आएंगे।
बलवान कोलेखां, कर्म सिंह कादियान व साधूराम ने बताया कि मांगों को लेकर 2 जुलाई को जाट धर्मशाला हिसार में समाज के विभिन्न संगठनों और खाप पंचायतों ने एक 11 सदस्यीय कार्यकारी, प्रदेश स्तरीय कमेटी का गठन किया है। चुने हुए कमेटी सदस्यों में सोनीपत से मूलचंद दहिया व राजेश दहिया, कैथल से भरत सिंह बैनीवाल, रोहतक से रामशरण हुड्डा व महेंद्र सिंह नांदल, हिसार से कृष्ण व दलजीत पंघाल, झज्जर से दिलबाग दलाल व रमेश देशवाल, भिवानी से शेरसिंह रेतरा व जींद से चांद मलिक को लिया गया है। यह कमेटी जल्द ही सभी जिलों की संघर्ष समितियों का गठन करेगी और प्रदेश स्तरीय सम्मेलन बुलाकर राज्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। जाट समाज ने हिसार में गठित 11 सदस्यीय कमेटी का बैठक में समर्थन किया।