जिले में सोमवार को डेंगू के 6 नए मामले सामने आए। इनमें से पांच मरीज कैथल शहरी क्षेत्र में और एक ग्रामीण क्षेत्र में पाया गया। नए मिले सभी मरीजों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल में दाखिल किया गया है। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि जिले में अब तक 272 व्यक्ति डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुखार से पीड़ित मरीजों की डेंगू जांच की जा रही है। सोमवार को भी 50 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 6 को डेंगू पाया गया। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि डेंगू से बचाव के लिए विभाग की ओर से जारी हिदायतों का पालन करें। अपने आसपास अनावश्यक पानी जमा नहीं होने दें, ताकि डेंगू का मच्छर न पनप सके। संवाद