संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कोविड-19 से बचाव के नियमों की अवहेलना जिलावासियों के स्वास्थ्य पर भारी पड़ रही है। पिछले कई दिनों से रोजाना 50 से ज्यादा व्यक्ति जिले में कोरोना से संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को 59 कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाए गए। इससे अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 336 हो गई है। वहीं 40 संक्रमित महामारी को मात देकर घर चले गए हैं।
सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने जिलावासियों से अपील की कि कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करें। अपनी बारी आने पर वैक्सीन लगवाएं। मास्क का प्रयोग करें और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करें। उन्होंने बताया कि कोरोना की शुरूआत से लेकर अब तक जिले में 5165 संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। इनमें से 4755 व्यक्ति ठीक हो चुके हैं, जबकि 75 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। रविवार को भी जिले में 30 से ज्यादा स्थानों पर 1977 व्यक्तियों को वैक्सीन का पहला व दूसरा टीका लगाया गया। 1844 व्यक्तियों को वैक्सीन की पहला टीका लगाया गया, जबकि 133 व्यक्तियों ने दूसरा टीका लगवाया।
107 व्यक्तियों को लगाई कोरोना वैक्सीन
सीवन। राजकीय वरिष्ठ संस्कृति मॉडल स्कूल में एसएमओ डॉ. बलविंद्र गर्ग के निर्देशन में रविवार को शिविर लगाया गया। इस दौरान 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों को टीके लगाए गए। डॉ. बलविंद्र गर्ग ने बताया कि रविवार को कुल 107 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। इसमें से 95 लोगों को कोरोना वैक्सीन की प्रथम डोज व 12 लोगों को इस वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई गई। उन्होंने बताया कि कोरोना की वैक्सीन लगाने के बाद उन लोगों को आधा घंटा देखरेख कक्ष में रखा गया।