कैथल। शिक्षण के दौरान स्कूलों में कमरों की कमी झेल रहे विद्यार्थियों को अब जल्द ही इस समस्या से निजात मिलेगी। शिक्षा विभाग जिले के 16 स्कूलों में 53 एडिशनल क्लासरूम बनाएगा। यह कार्य समग्र शिक्षा अभियान के तहत किया जाएगा, जिस पर विभाग की ओर से चार करोड़ 50 लाख 50 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। विभाग ने स्कूलों में बनने वाले इन एडिशनल कमरों में से प्रत्येक के निर्माण कार्य के लिए आठ लाख 50 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया है। विभाग जल्द से जल्द स्कूलों में कमरों का निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में है।
गौरतलब है कि इन स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त कमरे नहीं हैं। ऐसे में कई बार विद्यार्थियों को बरामदे में बैठकर कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं। गर्मी, सर्दी और बरसात सहित हर मौसम में परेशानी झेलनी पड़ रही है। नए कमरों का निर्माण होने से बच्चों को समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।
शिक्षा विभाग के एसडीओ सजल कुमार व जिला परियोजना संयोजक रामनिवास वशिष्ठ ने बताया कि कमरों के निर्माण को लेकर टेंडर जारी कर दिए हैं। जल्द ही स्कूलों में कमरों का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। विभाग का प्रयास रहेगा कि यह कार्य जल्दी पूरा हो।
इन स्कूलों में बनाए जाएंगे एडिशनल क्लास रूम
स्कूल का नाम नए कमरे बनेंगे
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मूंदड़ी 01
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल 01
राजकीय उच्च विद्यालय देवबन 02
प्राथमिक पाठशाला मंझेड़ी 01
कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाई 02
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी 01
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरकां 05
कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी 02
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बलबेहडा 04
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूसला 05
कन्या उच्च विद्यालय पबनावा 05
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ढांड 06
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल 10
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शेरगढ़ 03
वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरोट 03
उच्च विद्यालय खनौदा 02